साल में दो बार नवरात्रि मनाई जाती हैं- चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि। नवरात्रि मन और तन को शुद्ध करने का त्योहार है। इस अवसर पर हम सात्विक भोजन खाते हैं या उपवास रखते हैं। इसके कारण शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने का अवसर मिल जाता है। इस अवसर पर तन को साफ़ करना जितना जरूरी है, उतना ही मन को शांत करना। इसके लिए कई उपाय (How to find mental peace) भी किये जा सकते हैं।
चैत्र नवरात्रि शुरू ( 9 अप्रैल, 2024) हो चुकी है। यह 17 अप्रैल 2024 तक चलेगी। हम घर-ऑफिस की तनावपूर्ण स्थितियों में जीते हैं। कई तरह का वर्क प्रेशर हममें तनाव पैदा कर देता है। यदि यह तनाव लंबे समय तक चलता है, तो हृदय रोग सहित कई अन्य गंभीर बीमारी के खतरे को बढ़ा देता है। हाई ब्लड प्रेशर और हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल, स्मोकिंग, फिजिकल इनएक्टिविटी और ईटिंग डिसऑर्डर भी तनाव के कारण होने लगता है। इसलिए हर परिस्थिति में शांत बने रहना जरूरी है। फिर क्यों न चैत्र नवरात्रि से ही इसकी शुरुआत की जाए।
नवरात्रि में शरीर को टॉक्सिन मुक्त करने के साथ-साथ मन की सफाई भी जरूरी है। इसके लिए मन को शांत करना जरूरी है। इसके लिए धीमी और गहरी सांस लें। अपनी सांसों पर ध्यान दें। तनाव पैदा करने वाली समस्या पर नहीं। पांच गिनती तक सांस लेना, पांच गिनती तक सांस रोककर रखना, फिर पांच गिनती तक धीरे-धीरे सांस छोड़ना मददगार साबित हो सकता है। जैसे ही आप सांस लें, चेहरे, जबड़े, कंधों और पेट की मांसपेशियों को आराम दें।
जब आप खुद को अशांत महसूस करें, तो आंखें बंदकर 10 तक गिनने का प्रयास करें। ऐसा करने में आपको जो समय लगेगा, अपनी स्थिति को नई आंखों से देखने में आप सक्षम हो सकती हैं। खुद को शांत महसूस कर सकती हैं।
यदि वॉकिंग की आदत अब तक नहीं बन पाई है, तो नवरात्रि से यह आदत डालने का प्रयास करें। संभव हो तो टहलने के लिए बाहर निकलकर खुद को तनावपूर्ण स्थिति से दूर करें। तनाव वाली बात पर ध्यान केंद्रित करने की बजाय अपने परिवेश पर ध्यान केंद्रित करने का प्रयास करें। कभी-कभी बस कुछ मिनट ही मन को कूल करने में मददगार साबित होते हैं।
एक शांत जगह खोजें। अपने आप को आरामदायक स्थिति में रखें। फिर अपनी आंखें बंद कर लें। कुछ धीमी और गहरी सांसें लें। ध्यान दें कि आपका शरीर कैसा महसूस करता है। अपने विचारों को अपनी चेतना के अंदर और बाहर जाने दें। धीरे-धीरे गहरी सांस लेना जारी रखें। 5 मिनट बाद धीरे-धीरे अपनी आंखें खोलने का प्रयास करें।
अच्छा पोषण तनाव प्रबंधन में सबसे अधिक मदद करता है। कहा भी गया है –जैसा अन्न वैसा मन। हाई-प्रोटीन, लो शुगर और ओमेगा 3 फैटी एसिड वाले फ़ूड का सेवन पूरे दिन आपको शांत बनाये रख सकता है। स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थ ब्लड शुगर लेवल को भी प्रबंधित कर सकता है।
एक्सरसाइज एक बेहतरीन स्ट्रेस बस्टर है। यह एंडोर्फिन जारी करता है, जो प्राकृतिक दर्द निवारक के रूप में कार्य करता है। यह तनाव कम करके सोने की क्षमता में सुधार करता है। यदि किसी कारणवश तनाव हो रहा है, तो कुछ कदम उठकर चल लें। इससे भी मन शांत (How to find mental peace) हो सकता है।
यह भी पढ़ें :- क्या रस्सी कूदना आपके स्तनों को नुकसान पहुंचा रहा है? तो ब्रेस्ट हेल्थ के लिए फॉलो करें ये 4 चीजें