प्रधानमंत्री (PM) नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के जन्म दिवस 17 सितंबर के उपलक्ष्य में देशवासियों से सेवा सप्ताह मनाने की अपील की गई है। इस सप्ताह को स्वच्छता, सहयोग और जागरूकता कार्यक्रमों का हिस्सा बनने की बात कहते हैं प्रधानमंत्री मोदी।
सेवा हमारे लिए नया शब्द नहीं है। परिवार से लेकर समाज तक हम सभी किसी ने किसी तरह की निस्वार्थ सेवा में शामिल रहते हैं। पर क्या आप जानती हैं कि सेवा की यह भावना असल में आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए कितनी फायदेमंद है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
सेवा में आप अपनी मेहनत की कमाई दें, ऊर्जा दें या समय दें- सेवा करना आपको एक बेहतर व्यक्ति बनाता है।
दूसरों की मदद करने का यह साइकोलॉजिकल फायदा हम नहीं कह रहे, वैज्ञानिक शोध इसे साबित कर रहा है। पबमेड सेंट्रल में प्रकाशित लेख के अनुसार वैज्ञानिक आधार पर यह कहना सही होगा कि सेवा करने पर हमारे दिमाग में हैप्पी हार्मोन्स निकलते हैं। यह हॉर्मोन्स हमें संतुष्ट बनाते हैं।
जब आप दूसरों की मदद करते हैं, खासकर जब आप उनसे मिलते हैं या मेहनत के माध्यम से सहायता करते हैं, तो आप में अपनेपन की भावना विकसित है। इससे दूसरों के जीवन में तो खुशी आती ही है, आपका अकेलापन भी दूर होता है।
दूसरों की मदद करने से आप खुद को पुरस्कृत महसूस करते हैं। आपको लगता है कि आपके जीवन में भी एक सकारात्मक उद्देश्य है। यह भावना बहुत महत्वपूर्ण है। खासकर ऐसे समय में जब हम सभी प्रोडक्टिव होने की कोशिश कर रहे हैं।
जब आप किसी व्यक्ति की मदद कर रहे होते हैं, आपको उनके जीवन की झलक देखने को मिलती है। दूसरों की परिस्थियां देख कर ही हमें एहसास होता है कि हम कितने सौभाग्यशाली हैं। इससे जीवन के प्रति आपका दृष्टिकोण ज्यादा सकारात्मक होता है।
जो लोग समाजसेवा के लिए आगे बढ़कर आते हैं, उनमें आत्म विश्वास, सेल्फ एस्टीम और ओवरऑल वेलनेस बाकियों से बेहतर होती है। इसके दो कारण हैं- पहला यह कि सेवा करने पर आपको खुद के लिए अच्छा महसूस होता है। आप खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं। दूसरा कारण है कि आप सेवा करने के दौरान नए लोगों से मिलते हैं, जिससे आपका आत्मविश्वास बढ़ता है।
कहा जाता है कि हम अपने जैसे ही दोस्त भी बनाते हैं। ऐसे में अगर आपके दोस्त भी औरों की सेवा करना पसंद करते हैं, तो आपको अपने दोस्तों के बीच होने पर सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। एक जैसी सोच रखने वाले व्यक्ति आसानी से दोस्त बन सकते हैं।
यह सभी फायदे आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं क्योंकि यह तनाव और एंग्जायटी को दूर रखते हैं। आपको लगातार मदद करते रहना चाहिए क्योंकि किसी को कुछ देने में लेने से ज्यादा सुख है।
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।