क्या वेजाइना को टाइट किया जा सकता हैं? गायनोकॉलोजिस्ट से जानते हैं इसका सही जवाब
एक ओर जहां वेजाइना ढीली होने से जुड़े कई झूठ और मिथ्स हम सुनते रहते हैं, वहीं वेजाइना टाइट करने के ढेरों उपाय भी पढ़ने को मिलते हैं। लेकिन क्या सही है और क्या बेबुनियाद, आइये एक्सपर्ट से ही जान लेते हैं।
पहले बात करते हैं वेजाइना ढीली होने के मिथ्स की-
1. ज्यादा सेक्स करने से आपकी वेजाइना लूज़ हो जाती है
यह बात बिल्कुल झूठ है और इस अवधारणा के पीछे कोई साइंस नहीं है। आपकी वेजाइना की मसल्स बहुत लचीली होती हैं। यह सेक्स के दौरान ढीली हो जाती हैं और सेक्स के बाद वापस अपने आकार में आ जाती हैं। आप कितना भी सेक्स कर लें यह लूज़ नहीं होंगी।
2. कई सेक्सुअल पार्टनर होने पर वेजाइना ढीली हो जाती है
यह बहुत नकारात्मक धारणा है, जिसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। जैसा कि हमने आपको बताया, वेजाइना की मांसपेशियां बहुत लचीली होती हैं। इसलिए सेक्स के बाद यह अपने शेप में आ जाती हैं।
लेकिन वेजाइना ढीली होने का असल कारण क्या है?
प्रसव- नार्मल डिलिवरी यानी प्रसव के कारण वेजाइना की मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं। इस कारण वेजाइना ढीली हो जाती है।
एस्ट्रोजन की कमी- बढ़ती उम्र के साथ हमारे शरीर मे एस्ट्रोजन कम होने लगता है। इसका कारण कई स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याएं भी हो सकती हैं। एस्ट्रोजन की कमी से वेजाइना सूखी और कम लचीली हो जाती है।
वेजाइना टाइट करना आवश्यक नहीं है, यह आपका अपना निर्णय है। कई बार ‘यूरिनरी इंकॉन्टिनेंस’ यानी पेशाब न रोक पाना या सेक्सुअल आनंद के लिए आप वेजाइना टाइट कर सकती हैं।
इसके लिए ये एक्सरसाइज मददगार साबित हो सकती हैं
कोर मसल्स आपके ब्लैडर और गर्भाशय को नियंत्रित करती हैं। इसलिए पेल्विक मसल्स की एक्सरसाइज करने से वेजाइना टाइट की जा सकती है।
फोर्टिस ला फेमे, नई दिल्ली, की एसोसिएट डायरेक्टर और गायनोकॉलोजिस्ट डॉ मधु गोयल बताती हैं वेजाइना को टाइट करने के लिए केगल एक्सरसाइज।
घर पर करें केगल एक्सरसाइज-
• इस एक्सरसाइज के लिए अपनी पीठ के बल लेटें या पाल्थी मारकर जमीन पर बैठ जाएं।
• अपने बट और योनि को कस कर अंदर भींचने की कोशिश करें।
• 4 से 5 सेकंड रोकें, फिर रिलैक्स करें।
• लगातार 5 से 10 बार बिना रुके यह एक्सरसाइज करें।
डॉ गोयल गर्भावस्था से पहले और बाद में इस एक्सरसाइज को करने का सुझाव देती हैं। डॉ गोयल बताती हैं, “यह एक्सरसाइज तुरन्त असर नहीं करती, समय लगता है। लेकिन बहुत असरदार है।”
तो लेडीज़, अब आपको सही उपाय मालूम है। मिथ्स पर विश्वास न करें और यह सही जानकारी सभी से साझा करें।