कद बढ़ाने के साथ आपके बच्चे को ये 4 स्वास्थ्य लाभ भी देगा ताड़ासन, जानिए करने का सही तरीका
आप जब अपनी दसों उंगलियों को फंसाकर अपने शरीर को आसमान की ओर खींचते हैं तो इससे सिर से पांव तक की मांसपेशियों में खिंचाव होता है। यही ताड़ासन है। योग में इसे महत्वपूर्ण, सरल और सर्वप्रभावी आसनों में गिना जाता है। पर क्या आप जानती हैं कि ताड़ासन आपके और आपके बच्चे के लिए कितना फायदेमंद हो सकता है? आज हम आपको ताड़ासन से होने वाले स्वास्थ्य लाभ बताने जा रहे हैं। साथ ही इसे करने का सबसे आसान और सही तरीका भी।
जानिए क्यों आपके और आपके बच्चों के लिए फायदेमंद है ताड़ासन
1 लंबाई बढ़ाने में फायदेमंद
जिन बच्चों की लंबाई नहीं बढ़ रही हैं, उनके लिए ताड़ासन फायदेमंद साबित हो सकता है। योग गुरू स्वामी रामदेव के अनुसार इस योग को करने से शरीर के सभी हिस्सों में खिंचाव होता है। ये आसन कद वृद्धि के लिए सर्वोत्तम है। इससे समस्त शरीर का विकास होता है, जिससे बढ़ते बच्चों में लंबाई बढ़ने की संभवना अधिक होती है।
2 पोस्चर सुधारने में मदद करता हैं
रीढ़ की हड्डी को स्वस्थ बनाए रखने में ताड़ासन बहुत लाभकारी होता है। शरीर का पोस्चर सुधारने के लिए रीढ़ की हड्डी को सीधा रखना बहुत जरूरी होता है और ताड़ासन करने से हमारी रीढ़ की हड्डी सीधी रहती है। इसके साथ ही, ताड़ासन रीढ़ को सकारात्मक रूप से लचीला और शरीर का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। ये मांसपेशियों में खिंचाव पैदा करता है, जिससे रीढ़ की हड्डी को सीधा रखने में मदद मिलती है।
3 पाचन क्रिया में सुधार
ताड़ासन योग करने से पाचन की समस्या में मदद मिलती है। जर्नल ऑफ योगा एंड फिजियोथेरेपी के एक शोध में साफ तौर से जिक्र मिलता है कि नियमित रूप से ताड़ासन करने से पेट की गंदगी को बाहर निकाला जा सकता है, जिससे पाचन क्रिया में सुधार होता है।
4 श्वसन संबंधी समस्याओं को दूर करता है
अगर आपको या आपके बच्चे को श्वास संबंधी कोई समस्या है, तो रोजाना ताड़ासन करें। इसे करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि श्वसन प्रणाली भी मजबूत होती है।
अब जानिए ताड़ासन करने का सही तरीका
- सबसे पहले योग मैट बिछाएं और सीधे खड़े हो जाए।
- इस दौरान एड़ियों को एक-दूसरे से मिला कर रखें।
- अपने दोनों हाथों को बगल में सीधा रखें।
- फिर हथेलियों को आपस में फंसाकर ऊपर उठाएं, आसमान की तरफ।
- अब धीरे-धीरे सांस लेते हुए, पंजों के बल खड़े होते हुए शरीर को ऊपर की ओर खीचें।
- जब संतुलन बन जाए, तो इस पोजीशन में कुछ देर बने रहने की कोशिश करें। साथ ही सामान्य रूप से सांस लेते रहें।
- फिर सांस को धीरे-धीरे छोड़ते हुए पहली पोजीशन में आ जाएं।
- आप इसे 8 से 10 बार दोहरा सकते हैं।
ताड़ासन असल में फैमिली योगा का एक हिस्सा है। यह सिर्फ आपके बच्चे के लिए ही नहीं, आपके और आपके एजिंग पेरेंट्स के लिए भी लाभकारी है। इसलिए इसे अपने फिटनेस रुटीन में शामिल करें और फायदा देखें।
इसे भी पढ़ें-फैट कम करना चाहती हैं, तो अपने आहार में शामिल करें ये 5 फूड्स