पर्सनलाइज्ड कंटेंट, डेली न्यूजलैटरससाइन अप

Moringa benefits for new moms : स्तन दूध बढ़ाने में मददगार हैं मोरिंगा की पत्तियां, जानिए कैसे करना है इनका सेवन

अभी तक नई मां को मेथी के लड्डू दिए जाते थे, ताकि बेबी के लिए उसके पर्याप्त दूध रहे। पर अब मोरिंगा की पत्तियों को भी इसके लिए फायदेमंद बताया जा रहा है। चलिए जानते हैं इनके बारे में सब कुछ।
मोरिंगा ओलीफेरा उत्तर भारत का एक पेड़ है और इसका इस्तेमाल आमतौर पर हर्बल दवा में किया जाता है। चित्र- अडोबी स्टॉक
Published On: 9 May 2024, 12:53 pm IST

स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए मोरिंगा एक बेहद लोकप्रिय सप्लीमेंट बन गया है। जिन महिलाओं को कम दूध आता है और बच्चे के लिए दूध पूरा नहीं हो पाता, तो ऐसी मांओं के लिए मोरिंगा की पत्तियां बहुत फायदेमंद साबित हो सकती हैं। मोरिंगा एक ऐसा पेड़ है, जिसकी फलियां और पत्तियां दोनों ही लाभदायक होती हैं। अगर आप भी नई मां बनी हैं और दूध की कमी से जूझ रही हैं, तो जानिए इस जादुई सप्लीमेंट काे आहार में कैसे शामिल करना है।

स्तनों में दूध का आना एक नेचुरल प्रोसेस है। बेबी के जन्म के तुरंत बाद मां के स्तनों में दूध बनने लगता है। हालांकि पहले कुछ घंटों में की इसकी मात्रा बहुत कम होती है। पर जैसे-जैसे बेबी की जरूरतें बढ़ती हैं, दूध अपने आप बढ़ता जाता है।

मगर कुछ महिलाओं को इसकी कमी का सामना करना पड़ता है। उनके लिए दादी-नानी के समय से ही कुछ खास हर्ब दी जाती रही हैं। मेथी के बीज ऐसी ही एक हर्ब है, जिसके लड्डू बनाकर नई मां को दिए जाते हैं। ताकि दूध के उत्पादन को बढ़ाया जा सके। इसी श्रृंखला में मोरिंगा अर्थात सहजन की पत्तियां भी काफी मददगार साबित हो सकती हैं।

मोरिंगा ब्रेस्ट मिल्क की मात्रा प्रोलैक्टिन को बढ़ाकर बढ़ाती है। चित्र- अडोबी स्टॉक

नई माताओं के लिए अच्छा है मोरिंगा

मोरिंगा ओलीफेरा उत्तर भारत का एक पेड़ है और इसका इस्तेमाल आमतौर पर हर्बल दवा में किया जाता है। माना जाता है कि मोरिंगा के पेड़ की पत्तियां स्तनपान के दौरान दूध के उत्पादन में वृद्धि करती हैं। यह पाउडर, कैप्सूल और तरल सप्लीमेंट की तरह लिया जा सकता हैं। ये आम तौर पर मोरिंगा के पत्ते से बनाए जाते हैं जिसे सुखाकर पाउडर के रूप में बनाया जाता है।

इन पत्तियाें में विटामिन बी6, विटामिन सी, आयरन, राइबोफ्लेविन, विटामिन ए और मैग्नीशियम सहित कई विटामिन और खनिजों का एक अच्छा स्रोत हैं। इसकी फलियां भी पौष्टिक होती हैं, हालांकि वे पत्तियों की तरह विटामिन और खनिजों से भरपूर नहीं होती हैं, लेकिन वे विटामिन सी का भरपूर स्रोत होती है।

दूध के उत्पादन में सुधार के अलावा, शोध अध्ययनों में पाया गया है कि मोरिंगा पौधे आइसोथियोसाइनेट्स होने के कारण ये रक्त शर्करा के स्तर को कम करने में सहायक हो सकता है। आइसोथियोसाइनेट्स आमतौर पर क्रूसिफेरस सब्जियों में पाए जाते हैं और माना जाता है कि वे ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन को कम करने में भी मदद करते हैं।

मोरिंगा ब्रेस्ट मिल्क की मात्रा प्रोलैक्टिन को बढ़ाकर बढ़ाती है, यह हार्मोन दूध उत्पादन को उत्तेजित करता है। न्यूट्रिनिस्ट और वेट लॉस एक्सपर्ट अंबिका दत्त बताती है कि दूध को बढ़ाने के लिए मोरिंगा की पत्तियां खाने के 24 घंटे के अंदर इसका लभ दिखने लगता है।

यहां जानिए स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए मोरिंगा के फायदे (Moringa benefits for new moms)

1 ऊर्जा का स्तर बढ़ाता है

मोरिंगा अपने ऊर्जा बढ़ाने वाले गुणों के लिए जाना जाता है, जो उन माताओं के लिए फायदेमंद हो सकता है, जो अक्सर बच्चे की देखभाल और घरेलू जिम्मेदारियों के कारण थकान का सामना करती हैं। इसका सेवन करने से आपको एनर्जी मिल सकती है।

2 एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर

मोरिंगा में क्वेरसेटिन और क्लोरोजेनिक एसिड जैसे एंटीऑक्सीडेंट का उच्च स्तर होता है, जो मुक्त कणों को बेअसर करने और कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करता है। यह महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए विशेष रूप से फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि यह पुरानी बीमारियों के जोखिम को कम कर सकता है।

3 हड्डियों को मजबूत बनाता है

मोरिंगा कैल्शियम और विटामिन डी का एक अच्छा स्रोत है, जो मजबूत और स्वस्थ हड्डियों को बनाए रखने के लिए आवश्यक पोषक तत्व हैं, जो महिलाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, खासकर जब महिलाओं की हड्डियां प्रसव के बाद अधिक कमजोर महसूस करती है तब।

सहजन के बीज के तेल चेहरे और शरीर पर भी लगाये जा सकते हैं चित्र : एडोबी स्टॉक

4 इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करता है

मोरिंगा के प्रतिरक्षा बढ़ाने वाले गुण महिलाओं को स्वस्थ रहने और संक्रमणों से बचाने में मदद कर सकते हैं, जो गर्भावस्था के दौरान और छोटे बच्चों को दूध पिलाते समय बहुत जरूरी है। प्रसव के बाद शरीर में कमजोरी होने के कारण इम्यूनिटी कमजोर होती है जिससे कोई भी संक्रमण आसानी से हो सकता है और साथ ही बच्चे को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

कैसे करना है मोरिंगा की पत्तियों का सेवन (How to add moringa leaves to diet)

  1. मोरिंगा को आप अपनी डाइट में गर्म पानी के साथ ले सकती है।
  2. इसके लिए सबसे पहले एक कप पानी को उबाल लें।
  3. इसमें 7 से 8 मोरिंगा की पत्तियों को डाल लें।
  4. पानी में पत्तियों को अच्छे से उबलने दें
  5. जब पानी हरे रंग का हो जाए तो गैस को बंद कर दें।
  6. इस पानी को एक कप में छान लें।
  7. आपका मोरिंगा वॉटर बनकर तैयार हो जाएगा।

ये भी पढ़े- ब्रेस्ट को अपलिफ्ट करने और स्ट्रेंथ बढ़ाने के लिए इन 4 एक्सरसाइज़ को करें वर्कआउट रुटीन में शामिल

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

लेखक के बारे में
संध्या सिंह

दिल्ली यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म ग्रेजुएट संध्या सिंह महिलाओं की सेहत, फिटनेस, ब्यूटी और जीवनशैली मुद्दों की अध्येता हैं। विभिन्न विशेषज्ञों और शोध संस्थानों से संपर्क कर वे  शोधपूर्ण-तथ्यात्मक सामग्री पाठकों के लिए मुहैया करवा रहीं हैं। संध्या बॉडी पॉजिटिविटी और महिला अधिकारों की समर्थक हैं।

अगला लेख