अचानक शुरु हो गए पीरियड, तो जानिए पब्लिकली पीरियड लीक को कैसे डील करना है
हाल में विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में महिला टेनिस खिलाड़ियों को पीरियड लीकेज की चिंता से ध्यान हटाने के लिए गहरे रंग के अंडरशॉर्ट्स पहनने की अनुमति दी गई। वास्तव में सार्वजनिक रूप से पीरियड लीक होना किसी भी महिला की समस्या हो सकती है। इसका सामना किसी को भी और कहीं भी करना पड़ सकता है। स्कूल, ऑफिस या किसी रेस्तरां या मॉल में भी आपको इसका सामना करना पड़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, सार्वजनिक रूप से पीरियड लीक होने (period leak problem) के बारे में किसी भी महिला को चिंता करने या शर्मिंदा होने की ज़रूरत नहीं है।
लड़कियों को पसंद आया यह कदम
ब्रिटिश टेनिस खिलाड़ी हीथर वॉटसन उन एथलीटों में से एक हैं, जिन्होंने विंबलडन के नए नियम का स्वागत किया है। विंबलडन में पहले यह सख्त नियम था कि सभी को सफेद अंडर शॉर्ट्स पहनना है। हीथर ने स्काईन्यूज़ को बताया कि पिछले साल उन्होंने खुद ब्लड फ्लो को रोकने के लिए गोली ली थी। क्योंकि उन्हें सफेद अंडरशॉर्ट्स पहनना था।
वे पीरियड्स लीक संबंधित किसी शर्मिंदगी का सामना नहीं करना चाहती थीं। इस साल नये नियम के कारण उन्हें विंबलडन के दौरान पीरियड लीक को लेकर किसी प्रकार की तैयारी नहीं करनी पडी। पीरियड लीक किसी का सामना किसी को भी करना पड़ सकता है। हेल्थ शॉट्स ने सार्वजनिक रूप से पीरियड लीक से निपटने के बारे में जानने के लिए कोलकाता के मणिपाल हॉस्पिटल में गायनेकोलोजी कन्सल्टेंट डॉ. एमएमएस जोहा और कर्नाटक के मणिपाल हॉस्पिटल में कन्सल्टेंट साइकोलॉजी डॉ. पल्लवी जोशी से इस बारे में जाना।
क्या है पीरियड लीक (Period Leak)
सैनिटरी नैपकिन या टैम्पोन से अचानक ब्लड फ्लो बाहर होने लगे, तो इसे पीरियड लीक कहते हैं। डॉ. ज़ोहा कहती हैं, ‘ऐसा अक्सर हेवी ब्लड फ्लो के कारण होता है। पीरियड लीक ज्यादातर सैनिटरी पैड या उत्पादों के गलत ढंग से प्रयोग करने के कारण होता है। शेप बड़ा या छोटा होने या लंबे समय तक इसका उपयोग करने से भी हो सकता है। हर महिला को अपने लिए उपयुक्त प्रोडक्ट का चयन करना होगा। अपनी पसंद के आधार पर वह सैनिटरी पैड, टैम्पोन या मेनस्ट्रुअल कप का उपयोग कर सकती है। पीरियड लीक से बचने के लिए हर कुछ घंटों के बाद पीरियड प्रोडक्ट बदलना सबसे अधिक जरूरी है।
यहां हैं सार्वजनिक रूप से पीरियड लीक होने पर इसे संभालने के तरीके
एक बार जब आपको यह एहसास हो जाता कि सार्वजनिक रूप से आपकी पैंट से ब्लड का रिसाव हो रहा है, तो आप ये सभी काम कर सकती हैं।
1. पीरियड लीक को सार्वजनिक रूप से अपनी पहचान न बनने दें (Don’t let period leaks in public define you)
डॉ. जोशी कहती हैं, यह याद रखना जरूरी है कि पीरियड लीक होने से आपके व्यक्तित्व पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। आपकी खूबियां और विशेषताएं बनी रहती हैं। इसलिए ऐसा होने पर कूल बनी रहिये। खुद पर गुस्सा नहीं करें। इन छोटी-मोटी घटनाओं को भूलकर अपना काम करें।
2. एक कवर-अप खोजें (Find a cover up)
यदि आपके पास जैकेट, कोट या कोई अन्य कवर-अप है, तो आप इसका उपयोग दाग से ध्यान हटाने के लिए कर सकती हैं। जब आप इस दाग को ठीक करने में सक्षम हो जाती हैं, तो कवर अप को हटा सकती हैं।
3. वाश एरिया की तरफ जाएं (Go to Restroom)
किसी रेस्टरूम की ओर जाएं। यदि किसी कारण से आपके पास एक्स्ट्रा सैनिटरी पैड नहीं है या आपकी कोई फ्रेंड पैड लाने वाली है, तो इस दौरान टॉयलेट पेपर का उपयोग कर लें। आपको टॉयलेट पेपर को रोल करना है। इससे आपको एक अस्थायी पैड मिल जाएगा। यह काफी मोटा होना चाहिए। यह आपके अंडरवियर की लंबाई के हिसाब से फिट होना चाहिए। यदि आप ऐसा कर सकती हैं, तो दाग को धोने का प्रयास भी कर सकती हैं।
4. रिलैक्स महसूस कराने वाली तकनीक अपनाएं (relaxation techniques)
कुछ महिला दाग हटाने की कोशिश में नाकाम होने पर शर्मिंदा या दोषी महसूस करती हैं। डॉ जोशी कहती हैं, ‘वे बाद के दिनों में बार-बार इस बात की जांच कर सकती हैं कि वे दोबारा पीरियड लीक का सामना तो नहीं कर रही हैं। उन्हें अनावश्यक रूप से पीरियड की चिंता हो सकती है। दुर्लभ मामलों में वे पीरियड्स को लेकर फ़ोबिक हो सकती हैं। पीरियड्स बंद होने तक खुद को घर में कैद कर सकती हैं। सार्वजनिक रूप से पीरियड लीक होने पर (period leak problem) चिंता के कारण उन्हें ध्यान केंद्रित करने और सोने में भी कठिनाई हो सकती है।
अंत में
दुर्घटना और उसके नकारात्मक पहलुओं पर विचार करने से बुरी यादें और भी गहरी हो जाती हैं। इस पर दोषी महसूस करने के बजाय इस पर विचार करना बेहतर है कि पीरियड लीक को कैसे रोका जाए। इसके अलावा, पीरियड हेल्थ के बारे में जागरूकता फैलाने की कोशिश का उद्देश्य सभी लोगों को पीरियड से संबंधित समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाना भी है। इसलिए सभी लोगों से बदलाव की उम्मीद की जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें :- Vaginal Flatulence : क्या योनि में भी हवा भर सकती है? एक्सपर्ट से जानते हैं इसका कारण और बचाव के उपाय