लॉग इन

जानिए क्या होता है जब आप डिनर के बाद आम खाती हैं!

गर्मियों के सबसे प्रचलित फल आम का इंतजार लगभग सभी लोग बेसब्री से करते हैं। पर स्वाद के साथ सेहत का ध्यान रखते हुए यह जरूरी है कि आप फलों के राजा आम के बारे में कुछ जरूरी तथ्य जान लें।
रात को आम खाना सेहत पर पड़ सकता है भरी। चित्र शटरस्टॉक।
अंजलि कुमारी Published: 17 May 2022, 08:00 am IST
ऐप खोलें

फलों का राजा आम लगभग सभी लोगों का पसंदीदा फल है। बच्चे से लेकर बूढ़े तक इस फल के शौकीन हैं। स्वादिष्ट और पोषक तत्वों से भरपूर इस फल के कई स्वास्थ्य लाभ होते हैं। यह कई पोषक तत्वों का खजाना है। ज्यादातर लोग रात में डिनर के बाद आम खाना पसंद करते हैं। पर मेरी मम्मी इसके सख्त खिलाफ हैं। वे हमेशा सुबह के समय आम खाने की सिफारिश करती हैं। जबकि मुझे दूध या दही में आम मिलाकर खाने का शौक है। मेरा शौक और मम्मी के तर्क के बीच जब घमासान शुरू हो गया, तो मैंने सोचा क्यों न इस मुद्दे पर किसी एक्सपर्ट से ही राय ले ली जाए। चलिए जानें कि क्या है आम खाने का सही समय और सही तरीका (Best time and way to eat Mango)।

आम के बारे में क्या हैं मम्मी के तर्क

कई सालों से मेरी मां कहती आ रही हैं, रात को आम से परहेज रखना चाहिए। हालांकि, सुबह खाली पेट से लेकर शाम के 5 बजे तक इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए उचित रहेगा। रात के समय आम का सेवन ब्लड शुगर लेवल को बढ़ा सकता है। खासकर डायबिटीज के मरीजों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। डिनर के बाद आम खाने से शरीर मे इंसुलिन घट जाता है।

आम खाने से आप मोटे नहीं होते बस सही तरीका आजमाने की जरुरत है. चित्र : शटरस्टॉक

सबसे पहले जानते हैं आम में मौजूद महत्वपूर्ण पोषक तत्व

आम शरीर के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्वों का एक अच्छा स्रोत है। इसमें प्रोटीन, फैट, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, पोटैशियम, विटामिन सी और मैग्नीशियम भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं। साथ ही आम की एंटी ऑक्सीडेंट प्रॉपर्टीज, इसकी गुणवत्ता को और ज्यादा बढ़ा देती हैं।

इन स्वास्थ्य जोखिमों का कारण बन सकता है आम

स्वादिष्ट और पोषक तत्वों से भरा होने के बावजूद यह ब्लड शुगर लेवल को बढ़ाता है। साथ ही अपच, एसिडिटी, गैस और त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी आपको परेशानी में डाल सकती हैं। वहीं गलत फूड् कॉन्बिनेशन के साथ आम का सेवन आपके लिए अत्यधिक हानिकारक हो सकता है।

यदि आप भी बेसब्री से आम का इंतजार कर रही थीं, तो इस मौसम आम खाने से पहले कुछ महत्वपूर्ण बातों को जान लें।

तो फिर क्या है आम खाने का सही समय

न्यूट्रीफाई बाई पूनम डाइट एंड वैलनेस क्लिनिक एंड अकैडमी की डायरेक्टर पूनम दुनेजा के अनुसार पोषक तत्वों से भरपूर आम के कई फायदे हैं, परंतु गलत समय पर इसका सेवन आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। बहुत से लोग आम को डिनर के बाद डेजर्ट के तौर पर लेना पसंद करते हैं, लेकिन इस तरह आम का सेवन करना कई स्वास्थ्य जोखिमों को आमंत्रण देने जैसा है। इसलिए दिन के समय मील के बीच स्नैक के तौर पर इसे खाना स्वास्थ्य के लिए उचित रहेगा।

जानिए आम खाने का सही समय. चित्र -शटरस्टॉक

जानिए पाचन संबंधी समस्याओं में कैसे कारगर हैं आम

सही तरीके और सही समय पर आम का सेवन करना पाचन क्रिया से जुडी समस्याओं से राहत दिलाने में मददगार हो सकता है। इसमें मौजूद एमाइलेज कंपाउंड और डाइटरी फाइबर कब्ज की समस्या से राहत दिलाते हैं। साथ ही एमाइलेज कंपाउंड अन्य खाद्य पदार्थों को आसानी से पचने में भी मदद करता हैं।

आम में मौजूद फाइटोकेमिकल्स में गैस्ट्रो प्रोटेक्टिव इफेक्ट पाए जाते हैं। साथ ही इसकी एंटी इन्फ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट प्रॉपर्टीज डाइजेस्टिव सिस्टम के लिए फायदेमंद होती हैं। यह पेट में सूजन जैसी समस्याओं में भी कारगर माने जाते हैं। यह याद रखें कि गलत समय पर आम का सेवन आपकी पाचन क्रिया को संतुलित रखने की जगह पेट की समस्यायों का कारण भी बन सकता है।

गर्मियों में आम खाने से पहले इन बातों का रखें खास खयाल

आम खाने से पहले उसे कुछ देर पानी में भिगोना न भूलें

न्यूट्रीफाई बाई पूनम डाइट एंड वैलनेस क्लिनिक एंड अकैडमी की डायरेक्टर डॉक्टर पूनम दुनेजा के अनुसार बाजार से आम खरीदने के तुरंत बाद न खाएं। खाने से पहले कम से कम आधे घंटे से 1 घंटे तक पानी में डुबोकर छोड़ दें। आम में फाइटिक एसिड नामक नेचुरल मॉलिक्यूल मौजूद होता है। अधिक मात्रा में फाइटिक एसिड लेना सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। ऐसे में आम को पानी में डालकर छोड़ने से पानी एक्स्ट्रा फाइटिक एसिड को सोख लेता है।

आम खाने के तुरंत बाद पानी न पिएं

आम खाने के तुरंत बाद पानी न पिएं क्योंकि यह आपके पेट की समस्याओं का कारण बन सकता है। आमतौर पर आम खाने के तुरंत बाद पानी पीने से पेट दर्द, एसिडिटी और पेट फूलने जैसी समस्याएं आपको परेशान कर सकती हैं। आम खाने के कम से कम आधे से 1 घंटे बाद पानी पीना चाहिए।

अपनी रुचि के विषय चुनें और फ़ीड कस्टमाइज़ करें

कस्टमाइज़ करें
आम खाने के तुरंत बाद पानी न पियें। चित्र शटरस्टॉक।

इन फूड्स के साथ आम खाना हो सकता है नुकसानदेह

ज्यादातर लोग दही और आम को एक साथ डेजर्ट के रूप में लेना पसंद करते हैं। परंतु यह आपकी सेहत के लिए अत्यधिक नुकसानदेह हो सकता है। आम और दही का यह मिश्रण शरीर में ठंड और गरम की परिस्थिति को एक साथ उत्पन्न करता है। जिसकी वजह से त्वचा से जुड़े इन्फेक्शन और बॉडी में टॉक्सिन के बढ़ने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। वहीं करेला और किसी प्रकार के मसालेदार भोजन के साथ भी आम न खाएं, क्योंकि ऐसा करने से जी मिचलाने और उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

खाली पेट कर सकती हैं आम का सेवन

डॉक्टर पूनम दुनेजा कहती हैं कि खाली पेट आम का सेवन करना सेहत के लिए अच्छा रहेगा। यह आपके शरीर में एनर्जी बूस्टर की तरह काम करेगा। सुबह के समय हमारे शरीर को अल्कलाइन से युक्त फूड्स की जरूरत होती है। इसलिए खाली पेट आम खान से आपको किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।

आम के पल्प से बने आमरस में केसर, इलाइची, चीनी, और 1 से 2 चम्मच घी मिलकर पियें। यह आपके शरीर में ग्लाइसेमिक इंडेक्स को कम करता है और ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में फायदेमंद रहेगा।

यह भी पढ़ें: हाई प्रोटीन लंच के लिए ट्राई करें ये टेस्टी एग बिरयानी रेसिपी 

अंजलि कुमारी

इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म ग्रेजुएट अंजलि फूड, ब्यूटी, हेल्थ और वेलनेस पर लगातार लिख रहीं हैं। ...और पढ़ें

अगला लेख