लॉग इन

गाजर के सेवन का टेस्टी बहाना है गाजर की खीर, हम बताते हैं इसकी आसान रेसिपी

लेडीज, सर्दियों का एक अनमोल तोहफा है गाजर जिसमें ढेरों गुण हैं। लेकिन अगर आप कच्ची गाजर पसन्द नहीं करती हैं, तो गाजर की खीर ट्राई कर सकती हैं।
इस तरह तैयार करें गाजर और नट्स का मिक्सचर। चित्र- शटरस्टॉक।
विदुषी शुक्‍ला Updated: 14 Dec 2020, 15:05 pm IST
ऐप खोलें

अक्सर लोग गाजर को फल समझते हैं, लेकिन गाजर एक कंद अर्थात रूट है। गाजर स्वाद के साथ-साथ पोषण में भी समृद्ध है, इसमें मौजूद गुण आपकी आंखों, त्वचा और बालों सभी के लिए लाभकारी हैं।
फूड एंड न्यूट्रिशन साइन्स 2014 के अध्ययन के अनुसार गाजर में कैरोटेनॉइड, फ्लेवोनोइड्स, पॉलीसैटेलेन, विटामिन और मिनरल्स होते हैं। जिनमें से कई पोषण और स्वास्थ्य लाभों से भरे हैं।

पहले जानते हैं गाजर में मौजूद पोषक तत्व

एक अध्ययन के अनुसार 39 फलों और सब्जियों के बीच गाजर को पोषण मूल्य में 10 वें स्थान पर रखा गया है। गाजर फाइबर का अच्छा स्रोत और ट्रेस खनिज ‘मोलिब्डेनम’ (trace mineral) से भरपूर है, जो बहुत कम सब्जियों में पाया जाता है। मोलिब्डेनम वसा और कार्बोहाइड्रेट के चयापचय में सहायता प्रदान करता है और आयरन के अवशोषण के लिए महत्वपूर्ण है। मैग्नीशियम और मैंगनीज का भी अच्छा स्रोत है। गाजर में पोटेशियम भी है जो मांसपेशियों के कामकाज में मदद करते हैं।

गाजर का सेवन आपको ढेरों फायदे दे सकता है। शरीर में पोटेशियम की कमी से आपकी त्वचा ड्राई होने लगती है। गाजर का सेवन आपको पोटेशियम की कमी नहीं होने देता। इसमें फाल्सीरनॉल, एक पॉली-एसिटिलीन एंटीऑक्सिडेंट होता है, जो ट्यूमर में कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने में मदद करता है।

सर्दियों के लिए परफेक्ट है गाजर की खीर। चित्र- शटरस्टॉक।

गाजर के प्रमुख लाभों में से एक यह है कि वे एंटी-कार्सिनोजेनिक गुणों से भी भरे हुए हैं, जो कैंसर कोशिकाओं के विकास को रोकने में मदद करते हैं। साथ ही गाजर में विटामिन ए भरपूर मात्रा में होता है जो हमारी आंखों के लिए बहुत फायदेमंद है।

और सबसे अच्छी बात ये है कि इन सभी लाभों को पाने के लिए आपको गाजर का जूस या सलाद ही खाने की जरूरत नहीं है। गाजर की स्वादिष्ट खीर (gajar ki kheer) भी आपको ये सब फायदे दे सकती है।

ये भी पढ़ें- मेटाबोलिज्म बूस्टर पिल्स: कितना असरदार और कितना सुरक्षित है वजन घटाने का ये नया तरीका

गाजर की खीर बनाने के लिए आपको क्या क्या चाहिए-

दो लोगों के लिए खीर बनाने के लिए आपको एक कप कद्दूकस की हुई गाजर चाहिए। आप इस मात्रा को अपने अनुसार घटा या बढ़ा सकती हैं।
एक कप गाजर
दो चम्मच देसी घी
दो कप दूध
एक से दो चम्मच चीनी
इलाइची पाउडर
काजू, बादाम, किशमिश इत्यादि
गाजर की अपनी मिठास होती है, इसलिए आपको अत्यधिक चीनी की आवश्यकता नहीं होती। ये भी एक कारण है कि क्यों गाजर की खीर आपके लिए फायदेमंद है।

पोषक तत्वों से भरूपूर होती हैं गाजर। चित्र: शटरस्‍टॉक

अब जानते हैं गाजर की खीर बनाने विधि-

1. गाजर को कद्दूकस कर लें।
2. एक नॉन स्टिक कढ़ाई में घी गरम करें। इसमें अपने पसन्द के ड्राई फ्रूट्स हल्के भून लें।
3. इसी कढ़ाई में कद्दूकस की गई गाजर डालें और लगातार चलाते हुए 4 से 5 मिनट तक पकाएं।
4. अब इसमें दूध डालें और मध्यम आंच पर उबाल लें।
5. एक बार दूध उबलने लगे तो आंच धीमी कर दें और चीनी मिला लें।
6. धीमी आंच पर खीर को 5 से 8 मिनट तक पकने दें। आप को खीर गाढ़ी होती दिखेगी।
7. इसमें इलाइची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स मिलाएं और चलाते हुए तेज आंच पर दो से तीन मिनट पकने दें।

आपकी खीर तैयार है। इसे गर्मागर्म परोसें या ठंडा करके खाएं। दोनों ही तरह से यह लाजवाब लगती है

अपनी रुचि के विषय चुनें और फ़ीड कस्टमाइज़ करें

कस्टमाइज़ करें
विदुषी शुक्‍ला

पहला प्‍यार प्रकृति और दूसरा मिठास। संबंधों में मिठास हो तो वे और सुंदर होते हैं। डायबिटीज और तनाव दोनों पास नहीं आते। ...और पढ़ें

अगला लेख