Edible leaves : बेल पत्र से लेकर पान तक, सेहत के लिए वरदान हैं ये 7 तरह की पत्तियां
ऐसे कई पत्ते हैं जो खाने योग्य होने के साथ ही विटामिन, कैल्शियम, प्रोटीन, आयरन, फाइबर, फोलिक एसिड, एंटीऑक्सिडेंट और अन्य पोषक तत्वो से भरपूर होते हैं।
पुदीने की पत्ती
पुदीने की पत्तियां सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं। ये पेट को ठंडक पहुंचाने, अपच को सही करने और सांसों से आने वाली दुर्गंध को दूर करने में मदद करती हैं। इसकी पत्तियों में एंटी-ऑक्सीडेंट और फाइटोन्यूट्रिएंट्स के साथ-साथ फास्फोरस, कैल्शियम, विटामिन सी, विटामिन डी, विटामिन ई और विटामिन ए भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसे खाने से शरीर को कई लाभ मिलते हैं।
मेथी की पत्ती
मेथी की पत्ती फाइटोन्यूट्रिएंट्स से भरपूर होती है, इसके साथ ही इसमें कई एंटी-ऑक्सीडेंट जैसे विटामिन सी, विटामिन ए और बीटा कैरोटीन भी पाए जाते हैं, जो आपकी ओवर ऑल हेल्थ को सही रखने में मदद करती है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिसके कारण ये शरीर में ग्लूकोज को सही रखने में मदद करता है और कैल्शियम का भी अच्छा स्त्रोत है जो हड्डियों के लिए फायदेमंद है।
करी पत्ते
करी पत्ते का इस्तेमाल लगभग हर घर में खाने के साथ किया जाता है। ये पत्ती कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के साथ-साथ दस्त, कब्ज या पेट की परेशानी को दूर करने में मदद करती है। इसमें विटामिन ए पाया जाता है जो आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद होता है। आप इसे अपने खाने के साथ या तड़के के रूप में इस्तेमाल कर सकती हैं या फिर सुबह खाली पेट 3-4 पत्ते चबा सकते हैं। इससे आपको कई फायदे होंगे।
धनिया पत्ती
भारतीय घरों में धनिया के पत्तों का इस्तेमाल खाने को गार्निश करने और फ्लेवर के लिए किया जाता है। इसके अलावा इसकी चटनी भी बनाई जाती है, लेकिन क्या आप जानते हैं धनिया की पत्तियां आपके ब्लड शुगर को कम करने में सहायता करती हैं। इसके साथ ही हृदय, मस्तिष्क, स्किन और पाचन स्वास्थ्य के लिए भी धनिया की पत्तियां फायदेमंद हैं।
एस्परैगस या शतावरी की पत्ती
एस्परैगस में एस्पार्टिक एसिड भरपूर रूप से पाया जाता है, जो आपके शरीर में अमोनिया की ज्यादा मात्रा को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसके साथ ही ये कमजोरी को दूर करने में सहायक है। इसके अलावा, इसमें विटामिन सी, विटामिन ई और फोलेट भी पाया जाता है।
बेल पत्र
भगवान शिव को चढ़ाया जाने बाला बेल पत्र कई गुणों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन बी1, और विटामिन बी 6 जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। बेल पत्र की तासीर ठंडी होने के कारण इसे खाने से शरीर ठंडा रहता है, जिससे पेट की जलन की समस्या में राहत मिलती है।
पान के पत्ते
पान के पत्ते में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। जिस कारण ये सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। पान के पत्ते खाने से पाचन बेहतर होता है, इसमे एंटीबैक्टीरियल गुण होने के कारण ये मुंह के बैक्टीरिया दूर करने के साथ ही दर्द में भी आराम मिलता है। ये मुंह के छालों को सही करने में मदद करता है।