By Anjali Kumari
Published Dec 10, 2024
बहुत सी महिलाएं ऐसी हैं जिनके शरीर में खून की कमी होती है, यानी कि उनका ब्लड काउंट कम होता है, जिसे एनीमिया कहते हैं। एनीमिया की स्थिति में कई शारीरिक लक्षण नजर आते हैं। परंतु अक्सर जानकारी की कमी होने से महिलाएं इन संकेतों को नजरअंदाज कर देती हैं, जिसकी वजह से बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसीलिए आज हम आपको बताएंगे एनीमिया की स्थिति में महिलाओं में नजर आने वाले कुछ शारीरिक संकेत ताकि आप इसके प्रति सचेत रहें।
थकान और कमजोरी
पर्याप्त आराम करने या सोने के बाद भी आपको थकान, सुस्ती, ऊर्जा की कमी महसूस होती है, तो यह शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी के संकेत हो सकते हैं। एनीमिया की स्थिति में छोटे-मोटे काम करने के बाद या पर्याप्त आराम करने के बाद भी थकान महसूस होता है।
चक्कर आना या सांस फूलना
एनीमिया की स्थिति में शारीरिक गतिविधियों को करने के दौरान तुरंत सांस फूलने लगता है। वहीं आप बिना किसी कारण के बेहोश हो सकती हैं। वहीं अक्सर चक्कर आने की अनुभूति होती है। ये सभी संकेत बॉडी में खून की कमी को ओर इशारा करते हैं।
पैर और हाथ का हमेशा ठंडा रहना
यदि आपके पैर और हाथ हमेशा ठंडे रहते हैं, यानी की गर्म वातावरण में भी छूने पर ठंडे महसूस होते हैं, तो ये एनीमिया का संकेत हो सकता है। इसे नजरअंदाज न करें, ऐसे में डॉक्टर से मिलकर सलाह लेना जरूरी है।
सिरदर्द महसूस होना
एनीमिया की स्थिति में गंभीर सिर दर्द महसूस हो सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि खून की कमी होने से मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाता, जिसकी वजह से सिर दर्द के अलावा मूड स्विंग्स, डिप्रेशन, एंजाइटी, जैसे मानसिक संकेत भी नजर आ सकते हैं।
त्वचा का पीला पड़ना
एनीमिया की स्थिति में आपके शरीर में खून की कमी होने के कारण त्वचा पीली पड़ जाती है। त्वचा के साथ-साथ पैर और हाथों के नाखून भी पीले या सफेद पड़ जाते हैं। इन संकेतों को भूलकर भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
हार्टबीट बढ़ना
एनीमिया की स्थिति में खून की कमी होने से अक्सर धड़कन तेज हो जाती है, जिसकी वजह से असहज महसूस होता है। तेज़ या अनियमित दिल की धड़कन, जो संभवतः शरीर द्वारा कम ऑक्सीजन के स्तर की भरपाई करने के प्रयास को दर्शाती है।