By Jyoti Sohi
Published Sep 05, 2024
देर तक बैठना गर्दन और कंधों के मसल्स में खिंचाव पैदा करने के अलावा स्पाइन को भी नुकसान पहुंचाता है। दरअसल, घंटों आगे की ओर झुककर काम करने के चलते शरीर का पोश्चर खराब होने लगता है, जिससे रीढ़ की हड्डी में दर्द और खिंचाव बढ़ जाता है। स्पाइन की मज़बूती बढ़ाने के लिए इन एक्सरसाइज़ को अपने वर्कआउट रूटीन में अवश्य शामिल करें।
नीज़ टू चेस्ट स्ट्रेचिंग
शरीर में लचीलेपन को बढ़ाने के लिए स्ट्रेचिंग की मदद ली जाती है। इस एक्सरसाइज़ को करने के लिए पीठ के बल मैट पर लेट जाएं। अब दोनों टांगों को एकदम सीधा कर लें। उसके बाद दाईं टांग को घुटने से मोड़ते हुए दोनों हाथों से खींचते हुए छाती के नज़दीक लेकर आएं। 20 सेकण्ड तक इस मुद्रा में रहने के बाद अब दूसरी टांग को छाती के नज़दीक लेकर आएं।
कोर ब्रिज एक्सरसाइज
कोर मसल्स और स्पाइन में बढ़ने वाले दर्द को रिलीज़ करने के लिए एक्सरसाइज की मदद लें। इसे करने के लिए दोनों टांगों को घुटनों से मोड़ लें और दोनों बाजूओं को जमीन पर टिका लें। कोर मसल्स को टाइट करते हुए कमर से शरीर को उपर की ओर उठाएं। उसके बाद 5 सेकण्ड तक इस पोज़िशन को होल्ड करें और फिर शरीर को सामान्य मुद्रा में ले आएं।
सीटिड लोअर बैक स्ट्रेच
रीढ़ की हड्डी को मज़बूती प्रदान करने के लिए चेयर परै बैठकर भी आसानी से ऑफिस में एक्सरसाइज़ कर सकते हैं। इसके लिए कुर्सी पर बैठें और शरीर को आगे की ओर झुकाएं। अब दोनों बाजूओं को नीचे की ओर लेकर आएं और हाथों को जमीन पर रखें। कुछ सेकण्ड तक इसी पोज़िशन में रहकर सांस लें और फिर सीधा हो जाएं।
रिवॉल्व्ड ट्रायंगल ब्रीदिंग
शरीर के पोश्चर में सुधार लाने के लिए दोनों टांगों के मध्य दूरी बना लें। अब शरीर को सीधा रखें और दोनों बाजूओं को सीधा कर लें। शरीर को दाईं ओर टिल्स करें और आगे की ओर झुकते हुए दाएं हाथ को बाएं पैर के पास रखें। इसके बाद दाएं हाथ को उपर की ओर लेकर जाएं और गहरी सांस लें। 30 सेकण्ड तक इसी पोज़िशन में रहने के बाद सीधे खड़े हो जाएं।
साइड टू साइड स्ट्रेच
गर्दन और कंधों की मांसपेशियों में आने वाले खिंचाव से बचने के लिए साइड टू साइड स्ट्रेच का अभ्यास करें। इसके लिए टांगों को खोल लें और दाईं बाजू को दाई टांग से छूएं और बाएं हाथ को उपर की ओर लेकर जाएं। इस दौरान गहरी सांस लें और फिर धीरे धीरे सांस छोड़ें। उसके बाद शरीर को बाई ओर झुकाएं। 2 से 3 सेट्स में 20 बार इसका अभ्यास करें।