चुइंगम चबाना खतरनाक हो सकता है, क्या करें अगर यह गलती से निगल लिया है
अक्सर लोग खेलते, वॉक करते या काम करते वक्त चुइंगम (chewing gum) चबाते रहते हैं। आपने भी इन लोगों को देखा होगा और ऐसा भी हो सकता है आपको भी इसका शौक हो। लेकिन क्या आप इसके फायदे और नुकसान जानते हैं? इसे पेड़ों के रस से बनाया जाता है, इसके बाद स्वाद बढ़ाने के लिए फ्लेवर (enhance flavor) मिलाए जाते हैं। कुछ शोध के अनुसार चुइंगम चबाने की आदत आपके लिए कई तरह से लाभकारी हो सकती है, जबकि कुछ विशेषज्ञ बताते हैं कि ज्यादा चुइंगम चबाने से आपको नुकसान भी हो सकता है।
डॉ. मृगांका बोहरा जनरल फिजिशियन अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल जयपुर बताती हैं कि, चुइंगम चबाने के फायदे और नुकसान दोनों हो सकते हैं। जब आप चुइंगम चबाते हैं, तो यह लार बनाना बढ़ाता है, जिससे खाना पचाने में मदद मिलती है और एसिडिटी कम हो सकती है। इससे मुंह की सफाई भी होती है और सांसों की बदबू दूर करने में मदद मिलती है।
कुछ लोग चुइंगम से फोकस और एकाग्रता बढ़ाने का फायदा भी महसूस करते हैं। लेकिन ज्यादा चुइंगम चबाने से जबड़ों पर दबाव पड़ सकता है, जिससे दर्द हो सकता है। शुगर वाली चुइंगम से दांत खराब हो सकते हैं, जबकि शुगर-फ्री चुइंगम में मौजूद कुछ केमिकल पेट खराब कर सकते हैं। ज्यादा चबाने से गैस और सूजन की समस्या भी हो सकती है। अगर चुइंगम निगल ली जाए, तो आमतौर पर यह पच जाती है, लेकिन बार-बार ऐसा करने से आंतों में दिक्कत हो सकती है। इसलिए जरूरत के हिसाब से सीमित मात्रा में चुइंगम चबाना ठीक है, लेकिन इसे आदत बना लेना सही नहीं।