मॉर्निंग वॉक से पहले वॉर्म अप किया या नहीं? गर्मी के मौसम में इन 6 चीजों को बिल्कुल भी न करें इग्नोर
दिनभर शरीर को एक्टिव और हेल्दी बनाए रखने के लिए अधिकतर लोग दिन की शुरूआत मॉर्निंग वॉक से करते हैं। पर्यावरण के नज़दीक कुछ देर रहने से चिड़ियों की चहचहाहट, ठंडी हवाओं और हरियाली को खुली आंखों से महसूस किया जाता है। इससे तन और मन एक्टिव रहता है। हांलाकि गर्मी के दिनों में देरी से वॉक के लिए निकलने के चलते पसीना आना, बार बार प्यास लगना और थकान का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नियमित समय पर वॉक पर जाना फायदेमंद साबित होता है। ऐसे में सुबह की सैर (Morning walk) पर निकलने से पहले रखें इन बातों का ख्याल।
विक्टोरिया डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ की रिपोर्ट के अनुसार पैदल चलना (Morning walk) सभी उम्र के लोगों के लिए व्यायाम का एक बेहतरीन तरीका है। इसके लिए पैदल चलने की क्रिया को धीरे धीरे शुरू करें। समय के साथ इसकी आदत हो जाने पर रास्ते की लंबाई और चलने की गति बढ़ाते जाएँ।
इस बारे में फिटनेस एक्सपर्ट डॉ गरिमा भाटिया बताती हैं कि शरीर को संतुलित रखने और मांसपेशियों की ऐंठन से बचने के लिए नियमित रूप से व्यायाम (Morning walk) करें। इससे शरीर का लचीलापन बढ़ने लगता है और शारीरिक अंगों में बढ़ने वाली थकान से भी बचा जा सकता है। नियमित रूप से इसका अभ्यास शरीर में जमा कैलोरीज़ को भी बर्न करने में मदद करता है।
वॉक पर जाने से पहले रखें इन बातों का ख्याल (tips to follow before morning walk)
1. वॉर्मअप स्किप न करें
वॉक करने से पहले शरीर को एक्टिव करने के लिए वॉर्मअप सेशन बेहद ज़रूरी है। इससे शरीर का तापमान उचित बना रहता है और शरीर में लचीलापन रहता है। इसके अलावा कोर मसल्स मज़बूत बनते हैं, जिससे चोटिल होने का खतरा भी कम होने लगता है। वॉक से पहले 15 मिनट का वॉर्मअप मांसपेयियों सेशन बेहद ज़रूरी है। पिनेकल ऑर्थोपेडिक्स की रिपोर्ट के अनुसार वॉर्मअप की मदद से मांसपेशियों में बढ़ने वाले खिंचाव को कम किया जा सकता है और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में मदद मिलती है।
2. शरीर को हाइड्रेट रखें
टहलने से कुछ देर पहले पानी पीने से बार-बार प्यास लगने की समस्या हल होने लगती है। साथ ही कार्यप्रणाली में सुधार आने लगता है, जिससे होने वाली थकान से बचा जा सकता है। इससे शरीर के तापमान को नियंत्रित करने, जोड़ों की मोबिलिटी को बढ़ाने और पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद मिलती है। इससे शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह उचित बना रहता है।
3. कपड़े और जूतों का ख्याल रखें
गर्मी में वॉक पर जाने के दौरान अधिक टाइट कपड़े पहनने से बचें। इसके अलावा फुल स्लीव्स और कैप को भी अवॉइड करें। इससे गर्मी का स्तर बढ़ने लगता है। ऐसे में हल्के रंग के और खुले कपड़े पहनें। इसके अलावा स्पोर्टस शूज पहनकर ही वॉक पर निकलें। इससे थकान कम होने लगती है और गिरने का जोखिम भी कम हो जाता है।
4. धीमी गति से करें शुरूआत
तेज़ी से चलना जहां एक तरफ आपके समय को तो बचाता है। मगर उससे शारीरिक थकान बढ़ जाती है और बार बार पसीना आने लगता है। ऐसे में शुरूआत धीमी गति से करें और फिर स्टेमिना बिल्ड होने के बाद समय सीमा को बढ़ा दें। इससे स्वास्थ्य को भी फायदा मिलता है।
5. सही तकनीक का करें इस्तेमाल
आराम से धीरे और बाहों को हिलाते हुए चलें। इसके अलावा वॉक के दौरान शरीर को एकदम सीधा कर लें और लंबे लंबे फुट स्टेप्स लेने से बचें। शुरूआत 20 मिनट की वॉक से कर लें और सप्ताह में 2 से 3 बार ही वॉक के लिए जाएं।
6. खुद को कूल कर लें
लंबी और तेज़ी से सैर करने के बाद शांत हो जाएँ। शरीर को एक्टिव बनाए रखने के लिए टहलने के बाद कुछ स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज़ करें। इससे शरीर में बढ़ने वाली दर्द और थकान कम होने लगती है। इसके बाद शरीर को कुछ देर रिलैक्स होने के लिए छोड़ दें, जिससे शरीर को दोबारा से एनर्जी को बूस्ट कर लेता है।
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।