आंखों की ये 3 समस्याएं होती हैं नींद न पूरी होने के कारण, विशेषज्ञ से जानें सही एक्सरसाइज
शरीर के सबसे नाजुक अंगों में आंख सबसे पहले आती है। आंखों में होने वाली छोटी-छोटी परेशानी कब बड़ी बन जाती है पता ही नहीं चलता। आंखों के लिए जितना सही खान-पान जरूरी होता है, उतना ही नींद भी आपकी आंखों की हेल्थ के लिए आवश्यक है। नींद की कमी आपके हेल्थ के लिए बेहद हानिकारक है, ये गंभीर नेत्र समस्याओं को पैदा कर सकती है। यहां तक कि नींद की कमी के चलते ग्लूकोमा जैसी गंभीर समस्या भी हो सकती है (poor sleep effects on eyes) ।
नींद की कमी के कारण आंखों का सूखना, खुजली होना, लाल होना जैसी समस्या को पैदा हो सकती हैं। आंखों में सूखापन दर्दनाक होने के साथ जलन पैदा कर सकती है। पर्याप्त नींद ना लेने से आंखों में क्या-क्या समस्याएं हो सकती हैं, चलिए जानते हैं क्या कहते हैं विशेषज्ञ।
ऑप्थलमोलॉजिस्ट सीनियर कंसल्टेंट डॉ. कर्नल अदिति दुसाज (श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट, दिल्ली बताती हैं कि, अगर आप पर्याप्त मात्रा में नींद नहीं लेते हैं (poor sleep effects on eyes) तो आपकी आंखों में थकान के साथ सूजन और लालिमा भी आ सकती है। यही नहीं आपकी आंखों की रोशनी भी प्रभावित हो सकती है। नींद की कमी से आंखों की मांसपेशियों में थकान आती है, जिससे आंखों में दर्द और सूजन हो सकती है।
रोशनी में कमी भी हो सकती है, जिससे देखने में परेशानी, आंखों में सूजन और लालिमा , आंखों में दर्द और परेशानी हो सकती है। ऐसे में आपको इसके समाधान के लिए कुछ उपाय अपनाने होंगे जैसे, पर्याप्त नींद लेना बहुत आवश्यक है आपको रोजाना कम से कम 7-8 घंटे की नींद लेना होगा। नियमित तौर पर अपनी दिनचर्या में व्यायाम को भी शामिल करें इससे आपकी नींद की गुणवत्ता में भी सुधार होता है।
तनाव को कम करने का प्रयास करें इसके लिए योग, ध्यान, और अन्य तनाव कम करने वाले उपायों का प्रयोग करें। देखभाल पर ध्यान दें इसके लिए नियमित तौर पर आंखों की जांच कराएं, डॉक्टर से परामर्श लेते रहें और हमेशा आंखों को साफ रखें।
नींद की कमी से आंखों में क्या समस्याएं हो सकती हैं
डॉ. कर्नल अदिति दुसाज नींद की कमी से आंखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताती हैं कि कम सोने से देखने में परेशानी , आंखों में सूजन और लालिमा, दर्द की समस्या हो सकती हैं।
1 आंखों में सूखापन (dryness in eyes)
सूखी आंख एक ऐसी स्थिति है जब आपकी आंखों में नमी की कमी होती है और जब आपकी आंखों को पर्याप्त आराम और नींद नहीं मिलती, तो यह आपकी आंखों को पर्याप्त रूप से चिकना करने के लिए लगातार आंसू का उपयोग करती हैं। नींद की कमी के कारण आपकी आंखें थकने के साथ ही इन पर दबाव और जोर पड़ता है। जिसके कारण आंखें सूख जाती हैं।
2 एंटेरियर इस्कीमिक ऑप्टिक न्यूरोपैथी (anterior ischemic optic neuropathy)
एआईओएन आंख की एक बेहद गंभीर स्थिति है जो आमतौर पर 60-65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में देखी जाती है और ये तब भी हो सकता है जब लोग लंबे समय से नींद कम ले रहे हों (poor sleep effects on eyes)। AION उम्र बढ़ने के कारण रक्त वाहिकाओं की सूजन की बीमारी है।
3 आंख में दर्द और ऐंठन (eye pain and cramps)
ऐंठन, आंख में मरोड़ या आंखों का फड़कना ये तब होता है, जब आपकी पलक में अचानक अनैच्छिक पेशी संकुचन होता है। ये तनाव, नींद की कमी, ज्यादा कैफिन का सेवन करने के कारण होता है। इसे मायोकिमिया भी कहा जाता है।
इन समस्याओं से बचने के लिए आप क्या कर सकते हैं?
- पर्याप्त नींद लें इससे आपकी आंखों को आराम मिलेगा।
- दिन में जब भी आपको समय मिले, एक छोटी सी झपकी लेने की कोशिश करें।
- शांत वातावरण में काम करें और तनाव कम लें।
- अपना काम दिन के समय में पूरा करने का कोशिश करें
- स्क्रीन टाइम कम करें।
आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए करें ये एक्सरसाइज (Do these exercises to improve eyesight)
शरीर के हर अंग के लिए एक्सरसाइज जरूरी होती है। आंखों के मामले में भी यह बेहद जरूरी होती है। अगर आपकी आंखों की रोशनी कम हो रही है, एक जगह पर फोकस करने में समस्या होती है, अगर आंखों से पानी आता है या फिर सूखापन महसूस होता है तो कुछ एक्सरसाइज के जरिए आपको आराम मिल सकता है।
1 पामिंग
यह सबसे प्रचलित एक्सरसाइज है। पामिंग एक्सरसाइज से आंखों को आराम मिलता है और साथ ही थकान और तनाव भी कम होता है। पामिंग एक्सरसाइज के लिए सबसे पहले अपनी हथेलियों को रगड़कर हल्का गर्म करें, फिर आंखों को बंद करें और उसके बाद अपनी गर्म हथेलियों को आंखों पर रखें। पांच मिनट तक गहरी सांस लें। इस प्रक्रिया को रोजाना 1-2 बार जरूर करें।
2 आंखों को घुमाएं
ये आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए एक्सरसाइज सबसे ऊपर आती है। नेत्र रोग विशेषज्ञों का मानना है कि आई रोलिंग यानी आंखों को घुमाना एक ऐसा व्यायाम है जो आंखों का तनाव कम करने में मदद करता है। इसे करने के लिए अपना सिर बिना मोड़े अपनी आंखों को दाएं से बाएं और फिर ऊपर से नीचे की ओर घुमाएं। रोजाना 2-4 मिनट ये एक्सरसाइज आपकी आंखों को काफी आराम पहुंचाती है।
3 फोकस बदलना
लैपटॉप, मोबाइल पर घंटों काम करते रहने या टीवी स्क्रीन के सामने बैठे रहने के दौरान रीफोकसिंग एक्सरसाइज करें। यानी, लगातार मोबाइल-लैपटॉप पर आंखें टिकाए रहने की बजाय समय-समय पर अपना फोकस शिफ्ट करते रहें। ये आंखों की थकान को दूर करता है और साथ ही रोशनी बढ़ाने में भी मदद करता है। इसे करने के लिए सबसे पहले पास रखी किसी वस्तु पर फोकस करें फिर दूर रखी वस्तु पर अपना फोकस शिफ्ट करें। ये एक्सरसाइज रोजाना 4-6 बार दोहरा सकते हैं।
4 पलकें झपकाना
नेत्रों की रोशनी को तेज करने के लिए और आंखों की थकान दूर करने के लिए ब्लिंकिंग एक्सरसाइज भी काफी हेल्पफुल होती है। इसे करने के लिए काम के बीच छोटा सा ब्रेक लें और फिर अपनी आंखों को कुछ सेकेंड के लिए बंद करें, थोड़ी दूर रुकें और फिर खोल लें। दिन में इस एक्सरसाइज को 2-3 बार दोहराएं।
5 आठ का चित्र बनाएं
ये एक्सरसाइज आपकी आंखों की रोशनी बढ़ाती है और साथ ही साथ फ्लेक्सिबल भी बनाती है। इस एक्सरसाइज के लिए अपनी आंखों से 8-10 फीट दूर दीवार की ओर देखें और आंखों से 8 का चित्र बनाने की कोशिश करें।
क्यों जरूरी है आंखों के लिए सही एक्सरसाइज (Benefits of eye exercises)
- एक्सरसाइज चाहे जो भी हो, सही तरीके और नियमित तौर पर की जाए तो हमेशा लाभ ही देती है। आंखों की रोशनी बढ़ाने में भी एक्सरसाइज बेहद फायदेमंद होती है।
- व्यायाम करने से आंखों को थकान से आराम मिलता है।
- कम नींद लेने से डार्क सर्कल्स की समस्या हो सकती है। ऐसे में आंखों की एक्सरसाइज करने से डार्क सर्कल्स से भी छुटकारा मिलता है।
- झुर्रियों से भी छुटकारा मिलता है।
- दिन भर की थकान और स्ट्रेस से नींद में खलल पड़ती है। आंखों की एक्सरसाइज से सुकून भरी नींद लेने में भी हेल्प मिलती है।
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।