पर्सनलाइज्ड कंटेंट, डेली न्यूजलैटरससाइन अप

30 के बाद महिलाओं में बढ़ने लगता है ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम, एक्सपर्ट बता रही हैं इससे बचाव के जरूरी उपाय

बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं की हड्डियां ऑस्टियोपोरोसिस के प्रति अधिक संवेदनशील हो जाती हैं। तो क्यों न आप बढ़ती उम्र के शुरुआती दौर से ही इन समस्याओं के प्रति ध्यान देना शुरू करें।
ऑस्टियोपोरोसिस से बचने के लिए फॉलो करें ये टिप्स। चित्र : अडॉबीस्टॉक
Published On: 24 Dec 2024, 10:00 am IST

अंदर क्या है

  • महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम
  • महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस के सामान्य संकेत
  • ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव के लिए जरुरी टिप्स

आमतौर पर महिलाओं के शरीर में 30 की उम्र के बाद कैल्शियम की कमी होने लगती है, जिसकी वजह से हड्डियां कमजोर हो जाती है। इस स्थिति में महिलाओं में हड्डियों से संबंधी कई अन्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं की हड्डियां ऑस्टियोपोरोसिस के प्रति अधिक संवेदनशील हो जाती हैं। तो क्यों न आप बढ़ती उम्र के शुरुआती दौर से ही इन समस्याओं के प्रति ध्यान देना शुरू करें (Osteoporosis in Women)।

डॉ. पूनम अग्रवाल, यूनिट हेड एंड सीनियर कंसल्टेंट, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट दिल्ली ने महिलाओं में बढ़ती ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी दी है। तो चलिए जानते हैं, इस बारे में अधिक विस्तार से (Osteoporosis in Women)।

महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम

ऑस्टियोपोरोसिस महिलाओं को असमान रूप से प्रभावित कर सकता है। पुरुषों की तुलना में महिलाओं की हड्डियां।अधिक पतली होती हैं। मेनोपॉज के स्टेज में पहुंचने के बाद, एस्ट्रोजन का तेजी से नुकसान होता है, जो बोन डेंसिटी के नुकसान को तेज कर सकता है। जब हड्डियों की मजबूती की बात आती है, तो एस्ट्रोजन एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए जब शरीर में एस्ट्रोजन कम हो जाता है, तो हड्डियां अपनी स्ट्रेंथ और डेंसिटी खो देती हैं।

हड्डियों को मजबूती प्रदान करने के लिए कुछ जरुरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। चित्र : अडॉबीस्टॉक

ऑस्टियोपोरोसिस के लगभग 80% मामले महिलाओं (Osteoporosis in women) के होते हैं। इंटरनेशनल ऑस्टियोपोरोसिस फाउंडेशन के अनुसार, 50 वर्ष से अधिक उम्र की हर 3 में से 1 महिला को ऑस्टियोपोरोसिस के कारण फ्रैक्चर होता है। इसलिए इस स्थिति को समझना और बुजुर्ग महिलाओं में हड्डियों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए निवारक उपाय करना बेहद महत्वपूर्ण है।

ये लक्षण हो सकते हैं ऑस्टियोपोरोसिस के संकेत (Symptoms of Osteoporosis in Women)

महिलाओं में अक्सर ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या (Osteoporosis in women) देखने को मिलती है। जब शरीर की हड्डियां कमजोर होने लगती हैं, तो ऐसे में फ्रैक्चर होने का खतरा अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में पीठ पर दर्द, जोड़ों में दर्द, पैर में दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इसके लिए प्रारंभिक जांच एवं रोकथाम बहुत जरूरी है। शुरुआती स्तर पर हड्डियों के घनत्व को मापने के लिए डेंसिटोमेट्री टेस्ट, एक्स-रे और ब्लड टेस्ट जैसी जांच बेहद जरूरी होती है।

जानिए ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव के लिए क्या करना जरूरी है (How to avoid osteoporosis in women)

डॉ. पूनम अग्रवाल के अनुसार “इसके रोकथाम के लिए आपको अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है। कैल्शियम और विटामिन डी से भरपूर आहार को अपनी नियमित डाइट में शामिल करें। नियमित तौर पर अपनी दिनचर्या में व्यायाम को भी शामिल करें, जैसे चलना, दौड़ना, साइकिल चलाना और योगाभ्यास।”

मेनोपॉज के स्टेज में पहुंचने के बाद, एस्ट्रोजन का तेजी से नुकसान होता है, जो बोन डेंसिटी के नुकसान को तेज कर सकता है। चित्र- शटर स्टॉक।

“कुछ जांचों के बाद डॉक्टर के परामर्श के अनुसार आप हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी भी करवा सकती हैं, जिससे काफी मदद मिलती है। इसमें आपको यह भी ध्यान देना बहुत जरूरी है, जैसे की कई बार पारिवारिक इतिहास, आपकी जीवन शैली, आपकी उम्र के हिसाब से भी यह समस्या बढ़ती है। ऐसे में समय-समय पर डॉक्टर से परामर्श लेती रहें।”

ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव के लिए अपनाएं ये कुछ खास टिप्स (tips to prevent Osteoporosis in Women)

1. स्वस्थ आहार लें

नियमित रूप से बैलेंसड डाइट को फॉलो करें, जिसमें लो फैट वाले डेयरी उत्पाद और मछली जैसे कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थ शामिल हों। एक यंग महिला को प्रतिदिन 700 मिलीग्राम कैल्शियम की आवश्यकता होती है।

2. पर्याप्त मात्रा में लें विटामिन डी

महिलाओं को प्रतिदिन 10 माइक्रोग्राम विटामिन डी की आवश्यकता होती है। सूरज की किरणों में कुछ समय बिताने के अलावा, खाद्य स्रोतों में फैटी फिश, रेड मीट, जिगर, अंडे की जर्दी और फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ शामिल करें। यदि आपको भोजन से पर्याप्त विटामिन डी नहीं मिल पाता है, तो आप सप्लीमेंट ले सकती हैं।

3. नियमित व्यायाम करें

वॉकिंग, जॉगिंग, सीढ़ियां चढ़ना, टेनिस और नृत्य जैसे व्यायाम हड्डियों को मजबूत बनाने में आपकी मदद कर सकते हैं। अधिकांश विशेषज्ञ सप्ताह में तीन बार कम से कम 30 मिनट व्यायाम करने की सलाह देते हैं।

जानें कमजोर हड्डियां और स्मोकिंग का कनेक्शन। चित्र : अडॉबी स्टॉक

4. धूम्रपान और शराब से बचें

धूम्रपान हड्डियों के निर्माण को कम करके और एस्ट्रोजन मेटाबॉलिज्म को प्रभावित करता है और ऑस्टियोपोरोसिस के जोखिम को बढ़ा सकता है। बहुत अधिक शराब के सेवन से आपकी हड्डियों को नुकसान हो सकता है।

5. बोन डेंसिटी स्क्रीनिंग करवाएं

यदि आपके पास ऑस्टियोपोरोसिस या हड्डियों से संबंधी अन्य किसी समस्या के जोखिम कारक हैं, तो आपको 65 वर्ष या उससे कम उम्र में बोन डेंसिटी स्क्रीनिंग करवाने पर विचार करना चाहिए। जोखिम कारकों में 50 वर्ष की आयु से पहले अस्पष्टीकृत फ्रैक्चर का पारिवारिक इतिहास और 50 वर्ष की आयु से पहले व्यक्तिगत अस्पष्टीकृत फ्रैक्चर शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : विटामिन डी लेने का यही है सबसे अच्छा मौसम, यहां जानिए इसे अब्जॉर्ब करने का सबसे सही तरीका

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

लेखक के बारे में
अंजलि कुमारी

पत्रकारिता में 3 साल से सक्रिय अंजलि महिलाओं में सेहत संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं। हेल्थ शॉट्स के लेखों के माध्यम से वे सौन्दर्य, खान पान, मानसिक स्वास्थ्य सहित यौन शिक्षा प्रदान करने की एक छोटी सी कोशिश कर रही हैं।

अगला लेख