ऐसे कई कारण हैं, जिनसे सीने में दर्द या फिर सीने में जलन या हार्ट बर्न (Heartburn) हो सकता है और आपको परेशानी हो सकती है। इस बात को अच्छी तरह समझ लें कि दिल का दौरा (Heart attack) तब पड़ता है जब हृदय को रक्त की आपूर्ति करने वाली धमनियों में से एक अवरुद्ध हो जाती है। इसी तरह एंजाइना (Angina) दर्द तब होता है, जब हृदय रोग से रक्त धमनियां संकुचित हो जाती हैं। दूसरी ओर हार्ट बर्न (Heartburn) एक तेज जलन वाला दर्द है, जो भोजन नली में एसिड के वापस आने के कारण होता है।
हार्ट अटैक एक कोरोनरी आर्टरी डिजीज है, जो हृदय की मांसपेशियों के हिस्से में रक्त की आपूर्ति में कमी होने के कारण होती है। इसके कारण हार्ट काम करना बंद कर सकता है। इसे कार्डिएक अरेस्ट भी कहा जाता है। इसके बाद व्यक्ति के शरीर में कोई हलचल नहीं होती है और उसकी पल्स भी काम नहीं करती है।
दिल के दौरे के प्रमुख लक्षणों में से एक है सीने में दर्द (Heart Pain) , जिसमें व्यक्ति दबाव, भारीपन या दर्द जैसा महसूस करने लगता है। छाती के पास वजन जैसा मालूम होता है और तेज दर्द होता है। यह एक अंतराल के बाद भी हो सकता है। दिल के दौरे के दौरान दर्द आमतौर पर बीच में या बाईं तरफ भी हो सकता है। यह दोनों बाहों, गर्दन, ऊपरी या मध्य-पीठ को भी प्रभावित कर सकता है।
यह सीने में एक प्रकार का दर्द होता है, जो दिल के दौरे के दर्द के समान होता है। हालांकि, यह हृदय को रक्त की आपूर्ति (blood flow) कम होने के कारण नहीं, बल्कि वेसल(Vessels) के संकुचित होने के कारण होता है।
एंजाइना(Angina) वाले लोगों को दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ने का अधिक खतरा होता है और उन्हें निरंतर चिकित्सकीय देखभाल में रहना जरूरी होता है। एंजाइना का दर्द अस्थायी होता है। अक्सर यह आराम या दवा के बाद ठीक हो जाता है।
सीने में जलन वास्तव में एक साधारण लक्षण है, बीमारी नहीं। इसमें एसिड रिफ्लक्स (Acid reflux) के कारण दर्द होता है। स्टमक कंटेंट के भोजन नली में वापस आ जाने के कारण ऐसा होता है। इससे दिल का दौरा बिल्कुल नहीं पड़ता है। हालांकि हार्ट अटैक और हार्ट बर्न के बीच भ्रम की स्थिति हो जाती है, क्योंकि दोनों स्थिति में छाती में दर्द होता है।
सीने में जलन के कारण दर्द आमतौर पर पेट के ठीक ऊपर होता है। इसके कारण मतली, सूजन और डकार भी आ सकती है।
आजकल दिल के दौरे और एंजाइना की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, खासकर मिडल एज के लोगों में। इसके लिए लाइफस्टाइल, डायबिटीज, मोटापा, धूम्रपान आदि जिम्मेदार हैं। दोनों बीमारियों में लक्षण बिल्कुल भिन्न होते हैं।
मधुकर रेनबो हॉस्पिटल के एमडी, इंटरनल मेडिसिन, डॉ शरवरी दाभाडे दुआ के अनुसार, कभी-कभी एसिडिटी के कारण हार्टबर्न एंजाइना / हार्ट अटैक की तरह लग सकता है। दर्द और परेशानी के कारण दोनों के बीच अंतर करना मुश्किल हो सकता है।
एसिडिटी या अपच छाती में भारीपन पैदा कर सकते हैं। सीने में जलन या सूजन के साथ यह आमतौर पर भारी भोजन या तेल-मसालेदार भोजन खाने के बाद होता है। इसके कारण छाती और पेट के सेंटर में हल्का दर्द महसूस होता है।
दूसरी ओर एंजाइना या दिल के दौरे के साथ सीने में बहुत तेज दर्द हो सकता है। इसके कारण भारीपन लग सकता है। दर्द मुख्य रूप से छाती के बाईं ओर शुरू होता है। यह तब बाहों और कंधे की ओर बढ़ सकता है। इसकी तीव्रता ज्यादा या कम एक्टिव होने पर भी बढ़ सकती है।
डॉ. दुआ ने हेल्थशॉट्स को बताया कि “हार्ट अटैक में दर्द के साथ सांस लेने में भी तकलीफ हो सकती है। यह अत्यधिक पसीना और धड़कन से भी जुड़ा हो सकता है।”
अनकंट्रोल्ड डायबिटीज पेशेंट में एंजाइना के दर्द को समझना आसान नहीं होता है। इसलिए रोगी इसे पहचान ही नहीं पाते हैं। हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या हाई कोलेस्ट्रॉल जैसी स्थितियों वाले रोगियों को ऐसे लक्षणों के प्रति अधिक सावधान रहना चाहिए।
अंत में, चाहे वह दिल का दौरा हो, एंजाइना हो या सीने में जलन, मूल कारण का पता लगाने के लिए सीने में दर्द होते ही डॉक्टर से तुरंत मिलना चाहिए।
यहां पढ़ें:-डायबिटीज से उबरना है तो कच्चे कद्दू का करें सेवन, जानिए ये कैसे मदद करता है
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।