ज्वाइंट्स में यदि किसी प्रकार की दिक्कत या रोग है, तो वह नियमित चीजों को भी कठिन बना सकता है। ऐसी ही एक प्रमुख समस्या है गठिया। गठिया कई प्रकार के होते हैं, जिनमें ऑस्टियोआर्थराइटिस (Osteoarthritis) सबसे आम है। यह हड्डियों के अंतिम भाग और यह किसी भी ज्वाइंट को प्रभावित कर सकता है। इसलिए गठिया के मरीज को किसी भी प्रकार के मूवमेंट में समस्या हो सकती है। आमतौर पर आराम करने पर और जोड़ों के मूवमेंट करते समय, सूजन, जकड़न, मूवमेंट में कमी जैसे लक्षण दिखाई पड़ते हैं।
हेल्थ शॉट्स (Healthshots) ने केयर फोर पेरेंट्स (Care4 Parents) में सर्जन – जेरियाट्रिक केयर, डॉ. अमन खेड़ा से बातचीत की, जिन्होंने गठिया के रोगियों को 10 चीजों से बचने की सलाह दी।
डॉ. खेड़ा कहते हैं, “गठिया के रोगियों के लिए व्यायाम महत्वपूर्ण है। हालांकि उन्हें यह अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि क्या नहीं करना है। चूंकि रोग जोड़ों को प्रभावित करता है, एक्सरसाइज के दौरान कुछ मूवमेंट या गलत पोज जोड़ को और नुकसान पहुंचा सकती हैं और लक्षणों को बढ़ा सकती हैं। एक्सरसाइज करने में बहुत सावधानी बरतनी पड़ती है।”
यहां कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए जा रहे हैं, जो गठिया के रोगियों को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए:
गठिया के रोगियों को दौड़ने, जॉगिंग जैसी एक्सरसाइज से बचना चाहिए। यह घुटने के जोड़ पर सीधा प्रभाव पैदा करता है, जिससे और नुकसान हो सकता है और दर्द बढ़ सकता है।
ऐसे खेलों से बचना चाहिए जिनमें अचानक मूवमेंट या दिशा में बदलाव करना पड़े। टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल जैसे खेल इसमें शामिल हैं। गति में अचानक परिवर्तन से जोड़ों पर दबाव पड़ता है। इससे दर्द और बढ़ जाता है।
सीढ़ियों पर बार-बार ऊपर-नीचे करने से बचना चाहिए। सीढ़ियों से नीचे उतरने से बचना चाहिए। इसका सीधा असर घुटने के जोड़ पर पड़ता है। यदि उपलब्ध हो, तो लिफ्ट का प्रयोग करें।
डॉ. खेड़ा कहते हैं, “अनियमित और असमान सतहों पर चलना, माउंटेन ट्रेकिंग भी जोड़ों पर असमान दबाव डालता है। इसलिए इन सभी से बचना चाहिए।”
खराब फिटिंग या खराब आकार के जूते, ऊंची एड़ी के जूते पहनने से बचना चाहिए।
सही मुद्रा में बैठें। गलत पोस्चर से जोड़ों में दर्द हो सकता है। पैरों को क्रॉस करके बैठना घुटने के जोड़ों के लिए बहुत हानिकारक होता है। इस पोस्चर से जितना हो सके परहेज करें।
कोई भी व्यायाम धीरे-धीरे संयम बरकरार रखते हुए करें। अत्यधिक व्यायाम, व्यायाम करते समय आक्रामक गतिविधियों से बचना चाहिए। याद रखें, एक्सरसाइज करते समय अगर जोड़ों में दर्द हो, तो तुरंत रुक जाएं। अधिक दर्द होने पर एक्सरसाइज बंद कर दें।
डॉक्टर सलाह देते हैं, “कुछ लोग व्यायाम करने से पहले पेन किलर दवाएं लेते हैं। इससे पूरी तरह बचना चाहिए, क्योंकि ये दवाएं दर्द को छुपाती हैं, जो एक चेतावनी संकेत है।”
हॉट कंप्रेस, हॉट योगा से बचना चाहिए। याद रखें, हीट सूजन को बढ़ा देती है। इससे जोड़ों में सूजन और अधिक बढ़ जाती है। यह गठिया के लक्षणों को बढ़ा देता है।
यदि गठिया के कोई भी लक्षण मौजूद हैं, तो ऐसा कोई भी कार्य न करें, जिससे जोड़ों पर दबाव बने। संयमपूर्वक व्यायाम करें, शरीर के वजन को नियंत्रित रखें। इसे नियंत्रित रखने के लिए स्वस्थ जीवन शैली अपनाएं।