Broccoli Recipes : गर्म तासीर वाली ब्रोकली है सर्दियों का सुपरफूड, जानिए फायदे और ईजी रेसिपीज

Updated on:3 January 2024, 16:07pm IST

ब्रोकली में विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन के, आयरन, जिंक, पॉलीफेनोल, ग्लूकोसाइड , प्रोटीन, कैल्शियम, क्वेरेसेटिन, सेलेनियम आदि शामिल होते हैं। जो इसे बढ़ते बच्चों और वयस्कों के लिए एक सुपरफूड बनाते हैं।

1/7
अनूठी और बहुत खास है ब्रोकली

हल्के हरे रंग के तने पर उगने वाला ब्रोकली का गहरा हरा फूल अब दुनिया भर में खूब चाव से खाया जाता है। हालांकि यह मूलत: इटली और उसके आसपास की सब्जी है। पर वर्ष 2019 तक भारत भी इसके सबसे बड़े उत्पादक देशों में शामिल हो चुका है। गर्म तासीर की ब्रोकली ज्यादातर चाइनीज व्यंजनों में शामिल की जाती है।

2/7
विटामिन सी से लेकर के तक है ब्रोकली है पोषण का भंडार

ब्रोकली अपने पोषक तत्वों के कारण सभी आहार विशेषज्ञों की पसंद बन चुकी है। इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन के, आयरन, जिंक, पोलीफेनोल, ग्लूकोसाइड , प्रोटीन, कैल्शियम, क्वेरेसेटिन, सेलेनियम आदि शामिल होते हैं। जो इसे बढ़ते बच्चों और वयस्कों के लिए एक सुपरफूड बनाते हैं। खास बात यह कि ब्रोकली को अलग-अलग तरीके से परोस कर किसी भी उम्र के बच्चे या बड़े को खिलाया जा सकता है।

3/7
गर्म तासीर की ब्रोकली है विंटर सुपरफूड
Broccoli swadisht aur super healthy vege hai

आयुर्वेद में हर मौसम के लिए अलग-अलग तरह के फूड्स की सिफारिश की गई है। जिसे ऋतुचर्या अर्थात मौसम के अनुकूल व्यवहार कहा जाता है। इसके अनुसार सर्दियों में गर्म तासीर वाले खाद्य पदार्थों को खाने की सिफारिश की जाती है। ब्रोकली की तासीर भी गर्म होती है। जो इसे सर्दी के लिए उपयुक्त बनाता है। आप इसे विभिन्न व्यंजनों में शामिल कर अपनी विंटर डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।

4/7
ब्रोकली पुलाव है आसान और हेल्दी रेसिपी

भारत में व्यंजनों की एक लंबी श्रृंखला है। पर खास बात यह है कि यहां विदेशी फल-सब्जियों को भी देसी अंदाज में खाया और खिलाया जाता है। ऐसा ही एक खास व्यंजन है ब्रोकली पुलाव। आप इसे वनपाॅट मील के तौर पर शामिल कर सकते हैं। अपने पसंदीदा चावल में ब्रोकली के कुछ टुकड़ों और अपनी पसंदीदा अन्य सब्जियों को मिलाकर बस कुकर में चढ़ाइए और एक सीटी में ब्रोकली पुलाव तैयार कर लीजिए।

5/7
ब्रोकली सलाद है फिटनेस फ्रीक्स की पसंद
broccoli bnaye apke apke foods ko swadisht

फूल गोभी के जैसी दिखने वाली ब्राेकली स्वाद और पौष्टिकता में गोभी से बहुत बेहतर है। इसकी एक और खासियत इसे गोभी से बेहतर बनाती है, और वह है इसका सॉफ्ट, स्पंजी टेक्सचर। इसके कारण आप इसे पकाकर या कच्चा दोनों तरह से अपने आहार में शामिल कर सकते हैं। अगर आप फिटनेस फ्रीक हैं, तो ब्रोकली को ठीक तरह से धोकर, छोटे टुकड़ों में काटकर, अपनी पसंद की ड्रेसिंग के साथ तैयार कर सकते हैं।

6/7
फिंगर फूड्स में ब्रोकली
broccoli se intestine detox hota hai.

आप ब्रोकली को फिंगर फूड्स के तौर पर भी सर्व कर सकती हैं। फिंगर फूड्स को अमूमन डिनर से पहले या हाई टी रेसिपीज में शामिल किया जाता है। ब्रोकली के फूलों को छोटे टुकड़ों में काटकर एयरफ्राई करें, स्टिर फ्राई करें या रोस्ट करें, किसी भी तरह से आप इन नन्हें फूलों को पराेस सकते हैं। आप चाहें तो जैतून के तेल की ड्रेसिंग के साथ इसे बेक करके भी परोस सकती हैं।

7/7
एपिटाइजर है ब्रोकली सूप
soup kii recipe

ब्रोकली सूप की गंध आपकी भूख बढ़ा सकती है। ये ब्रोकली की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली रेसिपीज में से एक है। ब्रोकली क्रीमी सूप, ब्रोकली कॉर्न सूप, ब्रोकली मटर सूप, आप इसे किसी भी तरह ट्राई कर सकती हैं। ब्रोकली सूप बनाने के लिए इसे साफ करके छोटे टुकड़ों में काटें और उबाल लें। उबाल आने के बाद इसमें थोड़ा सा कॉर्न फ्लोर मिलाएं और मिश्रण को गाढ़ा होने तक उबालें। इसके बाद इसे हैंड ब्लैंडर से ब्लैंड करें और अपनी पसंदीदा हर्ब्स के छौंक के साथ परोसें। इसमें क्रीमी टेक्सचर के लिए हल्का गुनगुना दूध और मक्खन भी मिला सकती हैं।