अनियमित खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल वेटगेन का मुख्य कारण साबित होता है। ऐसे में वर्कआउट के लिए अजवाइन और जीरे का पानी पीने से वज़न को नियंत्रित किया जा सकता है। इसमें मौजूद गुण वजन कम करने के अलावा पेट फूलने की समस्या से छुटकारा दिलाने में भी मदद करते हैं। अजवाइन और जीरे में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा और एंटी इंफ्लामेटरी गुण संपूर्ण स्वास्थ्य के को कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान करते हैं। जानते हैं वज़न को नियंत्रित करने के लिए किस तरह से अजवाइन और जीरे का पानी होता है कारगर साबित (Benefits of Ajwain jeera water)।
इस बारे में डायटीशियन मनीषा गोयल बताती हैं कि अजवाइन का सेवन करने से शरीर को डाइजेस्टिव एंजाइम की प्राप्ति होती है। इसमें मौजूद फाइबर, विटामिन और मिनरल शरीर के पाचन में सुधार करके मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने में मदद करते हैं। इन बीजों से पेट फूलनाए गैस और अपच को कम किया जा सकता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार इसमें थाइमोल और कार्वाक्रोल जैसे दो एक्टिव कंपाउड पाए जाते हैं, जो बैक्टीरिया और फंगस के विकास को रोकते हैं।
वहीं जीरा में एंटीऑक्सीडेंट गुणों के अलावा डाइजेस्टिव एंजाइम मौजूद हैं, जो पाचन में सहायता करने में मदद करते है। वे भूख बढ़ाने, सूजन को कम करने और वजन प्रबंधन में सहायता करते हैं। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार जीरा लीवर से पित्त यानि बाइल के स्राव को भी बढ़ाता है। पित्त पेट में वसा और कुछ पोषक तत्वों को पचाने में मदद करता है। रिसर्च के अनुसार आईबीएस के 57 रोगियों ने दो सप्ताह तक जीरे का सेवन किया। इससे लक्षणों में सुधार देखने को मिला।
इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च एंड हेल्थ साइंसेज की रिपोर्ट के अनुसार जीरा गैस्ट्रिक जूस के स्राव को उत्तेजित करके पाचन में सुधार करने में मदद करता है। वहीं अजवाइन में कार्मिनेटिव गुण होते हैं जो सूजन और गैस को कम करने में मदद करते हैं। इन्हें पानी के साथ मिलाए जाने पर पोषण अवशोषण में सुधार आने लगता है।
जीरा और अजवाइन का पानी पेट के मौजूद एसिड को कम करके एसिडिटी से राहत दिलाने में मदद कर सकता है। इसकी मदद से गैस्ट्रिक जूस को एसिडिक होने से रोका जा सकता है। बायोकेमिस्ट्री रिसर्च इंटरनेशनल के अनुसार अजवाइन के बीज गैस और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं।
इससे चयापचय को उत्तेजित करने में मदद मिलती हैं, जिससे अधिक कैलोरी को बर्न किया जा सकता है। इनमें मौजूद फाइबर की मात्रा भूख को कम करके शरीर में कैलोरी को स्टोर होने से राकते हैं। इससे ओवरइटिंग और बार बार भूख लगने की समस्या को कम किया जा सकता है। साथ ही शरीर में दिनभर एक्टिव बना रहता है।
इस पानी का सेवन करने से विषाक्त पदार्थों और वॉटर रिटेंशन को खत्म करने में मदद मिलती हैंं। इससे बॉडी फंक्शनिंग उचित बनी रहती है। साथ ही बार बार भूख लगने की समस्या को भी हल किया जा सकता है। इसके सेवन से पाचनतंत्र को मज़बूती मिलती है।
अजवाइन और जीरे का पानी एक पारंपरिक भारतीय पेय पदार्थ है जिसे पानी में अजवाइन और जीरे को उबालकर बनाया जाता है। मिश्रण का सेवन अक्सर इसके पाचन और स्वास्थ्य लाभों के लिए किया जाता है। व्यंजनों को तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अजवाइन और जीरा में औषधीय गुण पाए जाते हैं। जब इन्हें पानी में उबाला जाता है, तो उससे नेचुरल ऑयल और एक्टिव कंपाउड की प्राप्ति होती हैं, जिससे शरीर को कई फायदे मिलते हैं।
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।