पर्सनलाइज्ड कंटेंट, डेली न्यूजलैटरससाइन अप

पीसीओएस किसी भी उम्र में हो सकता है, यहां जानिए इसके 5 प्रारंभिक संकेत

किसी भी उम्र में महिलाएं भूल कर भी नजरअंदाज न करें ये 5 शारीरिक संकेत, हो सकते हैं पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम के लक्षण, आगे चलकर हो सकता है बड़ा नुकसान।
Published On: 8 Oct 2024, 08:00 pm IST
आप किसी छोटी बच्ची की मां हैं और उन्हें प्यूबर्टी आने वाली है, तो आपको पीसीओएस से जुड़ी सभी जानकारी होनी चाहिए। चित्र : अडॉबीस्टॉक

अंदर क्या है

  • किस उम्र की महिलाओं को होता है PCOS का अधिक खतरा
  • पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम के शुरुआती लक्षण

पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम यानी कि PCOS एक हार्मोनल कंडीशन है, जो आमतौर पर रिप्रोडक्टिव एज की महिलाओं में देखने को मिलता है। इस कंडीशन में शरीर में कई लक्षण नजर आते हैं, खासकर इस दौरान इनफर्टिलिटी का खतरा बढ़ जाता है। PCOS को रिप्रोडक्टिव हार्मोनल इंबैलेंस भी कहा जाता है। यह किसी भी उम्र की रिप्रोडक्टिव महिलाओं में देखने को मिल सकता है। इसलिए इसके लक्षण से जुड़ी जानकारी होना बहुत जरूरी है, ताकि इसे शुरुआत में ही रोका जा सके (early signs of PCOS)।

यदि आप इसे लंबे समय तक नजरअंदाज करती रहती हैं, तो बाद में यह बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। खासकर यदि आप किसी छोटी बच्ची की मां हैं और उन्हें प्यूबर्टी आने वाली है, तो आपको पीसीओएस से जुड़ी सभी जानकारी होनी चाहिए।

आमतौर पर इसके लक्षण मेंस्ट्रुएशन शुरु होने से पहले यानी प्यूबर्टी के पहले से नजर आना शुरू हो जाते हैं। मैत्री वूमेन की संस्थापक और सीके बिरला हॉस्पिटल की सीनियर गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ अंजलि कुमार ने PCOS की शुरुआती लक्षण बताएं हैं, और समय रहते इन पर ध्यान देने की सलाह दी है। तो चलिए जानते हैं, इस बारे में अधिक विस्तार से।

किस उम्र में ज्यादा होता है पीसीओएस का खतरा

पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम प्यूबर्टी के बाद किसी भी उम्र में महिलाओं को प्रभावित कर सकता है। पर आम तौर पर यह महिलाओं के चाइल्ड बेरिंग एज 15 से 44 में देखने को मिलता है। हालांकि, ज्यादातर महिलाओं में 20 से 30 की उम्र में PCOS डायग्नोज किया जाता है क्योंकि इस दौरान उन्हें प्रेगनेंसी में परेशानी आती है।

नींद पूरी न होना मोटापे का कारण बनने लगता है। पीसीओएस से ग्रस्त महिलाओं का 6 से 8 घंटे की नींद लेने का सुझाव दिया जाता है। चित्र : एडॉबीस्टॉक

वहीं कुछ मामलों में PCOS के लक्षण लड़कियों में मेंस्ट्रुएशन शुरू होने के पहले से नजर आने लगते हैं। इसलिए सभी को इसके लक्षण मालूम होने चाहिए ताकि समय रहते इसे ट्रीट किया जा सके। अन्यथा बाद में महिलाओं को फर्टिलिटी संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

यहां जानें पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम के शुरुआती लक्षण (Early symptoms of PCOS)

1. अनियमित पीरियड्स

PCOS की शुरुआती संकेतों की बात करें तो सबसे पहले आपके पीरियड्स में गड़बड़ी नजर आना शुरू हो जाती है। यदि आपके पीरियड्स अनियमित होने लगे हैं, तो आपमें पीसीओएस की शिकायत हो सकती है। इस स्थिति में आपकी पीरियड्स 15 दिन लेट होने से लेकर 2 महीने तक गायब रह सकते हैं (early signs of PCOS)। वहीं दो महीने बाद काफी ज्यादा दर्द और हैवी ब्लीडिंग के साथ आपको पीरियड्स का सामना करना पड़ सकता है। यदि आप इसका अनुभव कर रही हैं, तो डॉक्टर से जरूर मिलें।

यह भी पढ़ें : मां और शिशु दोनों के लिए फायदेमंद है नॉर्मल डिलीवरी, जानिए कैसे करना है अपने शरीर को इसके लिए तैयार

2. वेट गेन

बढ़ता वजन पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम का एक आम लक्षण हो सकता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ़ मेडिसिन द्वारा प्रकाशित अध्ययन के अनुसार pcos से ग्रसित लगभग 80% महिलाएं ओवरवेट होती हैं। खासकर यदि आपके पेट के आसपास अधिक चर्बी बढ़ रही है, और इसके साथ इरेगुलर पीरियड्स जैसे अन्य लक्षण नजर आ रहे हैं, तो आपको पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम की जांच करवानी चाहिए।

बासी खाना खाने के कारण 10 से 30 फीसदी महिलाएं PCOS से प्रभावित हो रहीं हैं। चित्र : अडॉबीस्टॉक

इसके अलावा यदि आपका वजन तेजी से बढ़ रहा है, और अभी तक आपके पीसीओएस नहीं है, तो इस पर नियंत्रण पाए। क्योंकि बढ़ता वजन भी इसका कारण बन सकता है।

3. शरीर एवं त्वचा पर अनचाहे बाल

पस की स्थिति में महिलाओं के चेहरे, छाती, पेट, हाथ एवं पैरों पर भी असामान्य रूप से बाल निकल आते हैं। ये बाल काफी घने हो सकते हैं, जिसकी वजह से महिलाएं परेशान हो जाती हैं (early signs of PCOS)। यदि आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो डॉक्टर से मिलें। पीसीओएस से पीड़ित लगभग 70% महिलाओं में यह लक्षण देखने को मिलते हैं।

4. त्वचा संबंधी समस्याएं

पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम में महिलाओं को कई त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। त्वचा संबंधी समस्याएं पीसीओएस का शुरुआती लक्षण हो सकती हैं, इसलिए इन पर अधिक ध्यान दें। PCOS की स्थिति में त्वचा पर गहरे रंग के धब्बे नजर आने लगते हैं, खासकर गर्दन, अंडरआर्म्स, कमर, पीठ और स्तन के आसपास।

इसके अलावा स्किन टैग्स निकलना शुरू हो जाते हैं। पीसीओएस से पीड़ित महिलाओं में आमतौर पर अंडरआर्म्स और गर्दन पर छोटे-छोटे स्किन टैग्स निकल आते हैं। पीसीओएस एक्ने पैदा कर सकता है, खासकर आपकी पीठ, छाती और चेहरे पर (early signs of PCOS)।

pcos में बाल बेजान दिखने लगते हैं। चित्र : अडोबी स्टॉक

5. हेयर फॉल

पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम के शुरुआती लक्षण में हेयर फॉल शामिल है। शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव बालों की सेहत पर नकारात्मक असर डालते हैं, और बालों का झड़ना शुरू हो जाता है। धीरे-धीरे बाल बेहद पतले हो जाते हैं। यदि PCOS को लंबे समय तक ट्रीट न किया जाए तो आपके स्कैल्प पर गंजापन नजर आने लगता है।

नोट: पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम की स्थिति में नजर आने वाले इन 5 शुरुआती लक्षण को भूलकर भी नजरअंदाज न करें। इन लक्षणों को पहचाने और फौरन डॉक्टर से मिलकर अपनी स्थिति की जांच करवाएं।

यह भी पढ़ें : एक्सपर्ट से जानिए जांघों में होने वाली खुजली के कारण और इससे डील करने के घरेलू उपचार

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

लेखक के बारे में
अंजलि कुमारी

पत्रकारिता में 3 साल से सक्रिय अंजलि महिलाओं में सेहत संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए काम कर रही हैं। हेल्थ शॉट्स के लेखों के माध्यम से वे सौन्दर्य, खान पान, मानसिक स्वास्थ्य सहित यौन शिक्षा प्रदान करने की एक छोटी सी कोशिश कर रही हैं।

अगला लेख