किस उम्र में ब्रा पहनना शुरू करें या किस तरह पहली बार करें ब्रा का चुनाव, यह प्रश्न बहुत जटिल है। जब आप अपनी टीनएज को याद करती होंगी, तो महसूस होता होगा कि ये सब कितना जटिल था। पर अब वक्त बदल रहा है। लड़कियों को अब पहले से ज्यादा एक्सपोजर है। वे अपने लुक और फिट को लेकर पहले से ज्यादा सजग हुईं हैं। ऐसे में अगर आपकी छोटी बहन या बेटी ब्रा पहनने की सही उम्र आपसे जानना चाहे, तो आप क्या सलाह देंगी? अरे परेशान न हों, क्योंकि आपकी मदद के लिए हमने इस बारे में एक एक्सपर्ट से बात की है।
लड़कियां 8-9 साल में प्यूबर्टी एज में चली जाती हैं। इस फेज में उनके शरीर में न सिर्फ हार्मोनल बदलाव होते हैं, बल्कि शरीर में भी कई तरह के बदलाव आने लगते हैं। हालांकि सभी की बॉडी ग्रोथ अलग-अलग होती है। किसी लड़की में ब्रेस्ट बहुत जल्दी विकसित हो जाते हैं, तो किसी में यह प्रक्रिया धीमी होती है। ब्रेस्ट का साइज खान-पान से भी प्रभावित होता है। ब्रा पहनने की सही उम्र क्या होती है, यह जानने के लिए हमने बात की गाइनेकोलॉजिस्ट एंड ऑब्सटेट्रिशियन डॉ. श्रुति मित्तल से।
यदि किसी लड़की या बच्ची को लगता है कि उसे ब्रा पहननी चाहिए, तो ब्रेस्ट के बहुत अधिक विकसित न होने के बावजूद वह उसे कैरी कर सकती है। इससे उसे कोई शारीरिक समस्या नहीं हो सकती है। वैसे, प्रत्येक निप्पल के अंदर या आसपास छोटे उभार होते हैं, जो शर्ट के ऊपर से भी दिखाई देने लगते हैं। यदि कुछ ऐसा दिखने लगा है, तो सही साइज की ब्रा लेने का समय आ गया है।
जब ब्रेस्ट का साइज बढ़ने लगता है, तो छूने या दबाने पर दर्द और कोमलता का भी एहसास होता है। साथ ही निप्पल या एरोला डार्क और बड़ा होता जाता है। इसकी शेप आगे से प्वाइंटी भी होने लगती है।
आपको लड़कियों के विकास की औसत उम्र को समझना होगा। कुछ लड़कियां 9 साल में ही प्यूबर्टी फेज में आ जाती हैं और उनका शरीर डेवलप होने लगता है। वहीं कुछ लड़कियां 14 साल की उम्र तक प्यूबर्टी फेज में नहीं जाती हैं और उनके ब्रेस्ट भी उतने डेवलप नहीं हो पाते हैं। इसलिए उन्हें ब्रा की जरूरत नहीं पड़ती है। हालांकि भारत में लड़कियों द्वारा ब्रा पहनना शुरू करने की औसत उम्र 11-12 साल देखी जा रही है।
ब्रेस्ट डेवलप होने से पहले प्यूबिक हेयर्स ग्रो करने लगते हैं। इसके बाद ब्रेस्ट बड्स डेवलप होने लगते हैं। प्यूबर्टी के कारण लड़कियां थोड़ा वेट भी गेन करती हैं। उनका बेली एरिया पहले की अपेक्षा अधिक गोल दिखाई देने लगता है। यदि आपकी बेटी या छोटी बहन में कुछ ऐसे लक्षण दिखाई देने लगे हैं, तो आप उन्हें ब्रा पहनने की शुरुआत करा सकती हैं।
जब टीनएज में पीरियड स्टार्ट होता है, तो बॉडी डेवलपमेंट भी स्टार्ट हो जाते हैं। निप्पल बाहर की ओर निकलने लगते हैं। ऐसी स्थिति में ब्रा की शुरुआत कराई जा सकती है। यदि बच्ची को दौड़ने या खेलने में ब्रेस्ट के पास अनकम्फर्टेबल महसूस होता है, तो उसे ब्रा की शुरुआत कराई जा सकती है।
डॉ श्रुति सुझाव देती हैं, “पहली बार ब्रा की शुरुआत कभी भी किसी फैंसी या लैसी ब्रा से नहीं करनी चाहिए। उन्हें शुरुआत में ट्रेनिंग ब्रा/क्रॉप टॉप टाइप ब्रा ही दें। कई बार यदि दोस्त ने ब्रा नहीं पहनी है, तो लड़कियां ब्रा पहनने से झिझकती हैं। ऐसी स्थिति में उसे ट्रेनिंग ब्रा या टैंक टॉप या क्रॉप टॉप टाइप ब्रा से शुरुआत करवा सकती हैं।
ट्रेनिंग ब्रा क्रॉप टॉप जैसी ही दिखती है। यह कॉटन की होती है, इसलिए लाइटवेट होती है। ये बिना कप्स की होती है और काफी स्ट्रेचेबल होती है। आमतौर पर टीनएजर गर्ल्स द्वारा इस्तेमाल में लाई जाती हैं, जिनकी ब्रेस्ट डेवलपमेंट फेज से गुजर रही होती है। टैंक टॉप स्लीवलेस और लाइटवेट होता है, जिसे टॉप या शर्ट के नीचे आराम से पहना जा सकता है।
यदि आपकी बहन या बेटी स्पोटर्स में भाग लेती है या योग-एक्सरसाइज क्लास जाती है, तो स्पोर्ट्स ब्रा उसके लिए अच्छा होगी। यह बहुत आरामदेह होती है।
जब तक जरूरत महसूस न हो कप वाली ब्रा पहनने के लिए नहीं दें, क्योंकि गलत कप वाली ब्रा के चुनाव से उसे अनईजी फील हो सकता है।
पहली ब्रा के लिए अंडरवायर ब्रा का चुनाव सही नहीं होता है। जिस लड़की के ब्रेस्ट बहुत बड़े होते हैं, उन्हें भी शुरुआत में इससे बचना चाहिए। स्ट्रैप्स और कप्स वाली ब्रा के चुनाव के लिए या तो लड़की खुद अपनी ब्रेस्ट का मेजरमेंट करे या अपनी मां या बहन को ऐसा करने के लिए कहे। सबसे अच्छा होता है कि इस कार्य में आप सेल्स वुमेन की मदद लें। वह आपको सही कप साइज की ब्रा देगी।
यहां पढ़ें:-जांघों की चर्बी कम कर, पाना है बेहतर थाई गैप, ये 5 योगासन ट्राई करके देखें
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।