पेशाब करने के दौरान जलन होती है? तो हो सकती हैं ये 5 स्वास्थ्य समस्याएं

क्या आपको पेशाब करते वक्त जलन महसूस होती है? इसकी वजह जानना जरूरी है, क्योंकि यह कई गंभीर समस्याओं का लक्षण हो सकता है।
painful urine
पेशाब में जलन कई गंभीर स्‍वास्‍थ्‍य समस्‍याओं की ओर संकेत करती है। चित्र: शटरस्‍टॉक
टीम हेल्‍थ शॉट्स Updated: 10 Dec 2020, 14:10 pm IST
  • 70

अगर आपको हर बार पेशाब करते वक्त जलन होती है, तो जान लीजिए कि यह डिसयूरिया नामक मेडिकल स्थिति होती है। इस डिसॉर्डर में पेशाब करने के दौरान तेज चुभन और जलन होती है। दर्दनाक होने के साथ-साथ यह डिसॉर्डर किडनी और यूटेरस को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

इसलिए यह बहुत जरूरी है कि समस्या बढ़ने से पहले ही इसका इलाज किया जाए। यह पांच मुख्य कारण हैं पेशाब के वक्त होने वाली जलन के, जिन्हें जानना आपके लिए जरूरी है।

1. आपको UTI हो सकता है

बैक्टीरिया, फंगस या वायरस, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन के कई कारण हो सकते हैं। कारण कुछ भी हो, यह जलन का लक्षण जरूर होगा। लखनऊ के रीजेंसी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के यूरोलॉजी और रीनल ट्रांसप्लांट हेड डॉ सिद्धार्थ कुमार बताते हैं,”यूरिनरी ट्रैक्ट में सूजन होने पर भी पेशाब करने में दर्द होता है। यूरिनरी ट्रैक्ट में यूरेथ्रा, ब्लैडर, यूरेटर्स और किडनी आते हैं। इसमें से किसी भी अंग में इंफेक्शन के कारण जलन हो सकती है।”

पेशाब में जलन यूटीआई का भी संकेत हो सकता है। चित्र: शटरस्‍टॉक
पेशाब में जलन यूटीआई का भी संकेत हो सकता है। चित्र: शटरस्‍टॉक

महिलाओं में पुरुषों के मुकाबले यूरीनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन की सम्भावना ज्यादा होती हैं। इसका कारण यह है कि पुरुषों का यूरेथ्रा बड़ा होता है, जबकि महिलाओं में यूरेथ्रा छोटा होता है। छोटा होने के कारण बैक्टीरिया आसानी से ब्लैडर तक पहुंच जाता है और इंफेक्शन पैदा कर देता है।

2. ज्यादा देर पेशाब रोकने पर

लम्बे समय तक पेशाब रोके रखने पर वह अधिक टॉक्सिक होती जाती है, जिससे ब्लैडर में जलन होती है। हमारी पेशाब में एसिड होता है और रोकने का अर्थ है ब्लैडर में यह एसिड भरना। लम्बे समय रोकने पर यह एसिड ब्लैडर की अंदरूनी परत पर रैशेस कर देता है। जब आप पेशाब करते हैं तो दर्द होता है।

3. आपका ph संतुलन बिगड़ सकता है

अगर आप नियमित वेजाइनल वॉश इत्यादि प्रोडक्ट इस्तेमाल कर रही हैं, तो आपका प्राकृतिक ph बिगड़ जाएगा और इसके कारण जलन होगी।

डॉ कुमार बताते हैं, “आपको साबुन और वेजाइनल वॉश चुनते वक्त बहुत ध्यान रखना चाहिए। यह प्रोडक्ट्स वेजाइना की स्किन को इरीटेट कर देते हैं। यही कारण होता है कि पेशाब करते वक्त आपको वेजाइना में दर्द और जलन महसूस होने लगती है। आपका डिटर्जेंट भी इसके लिए जिम्मेदार हो सकता है।”

4. पानी की कमी भी हो सकती है कारण

पेशाब शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसमें गन्दगी को शरीर से बाहर निकाला जाता है। यह गन्दगी पानी में घुल जाती है और पानी के साथ ही शरीर से बाहर हो जाती है। जितना अधिक पानी आप पीते हैं, पेशाब उतनी कम कंसन्ट्रेशन की होती है। कम पानी का अर्थ है पेशाब में ज्यादा गन्दगी, ज्यादा एसिड। यह एसिड आपको जलन और दर्द महसूस कराता है।

ज्‍यादा पानी पीना आपकी वेजाइना के लिए भी फायदेमंद है। चित्र: शटरस्‍टॉक

5. सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिसीज/ इंफेक्शन

आप को अपने और अपने पार्टनर के सेक्सुअल स्वास्थ्य को नियमित रूप से चेक करना चाहिए क्योंकि STI भी इस जलन का कारण हो सकती है।

डॉ कुमार कहते हैं, “STI होने पर भी आपको वेजाइना और यूरेथ्रा में जलन हो सकती है। जेनाइटल हर्पीस, गोनोरिया और क्लैमिडिया में पेशाब करते वक्त दर्द होना एक सामान्य लक्षण है। यह आगे चल कर बड़ी समस्या खड़ी कर सकते हैं। इसलिए आपको नियमित चेकअप कराना चाहिए।”
पेशाब करते वक्त जलन होना किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है इसलिए इसे इग्नोर मत करें। अपने डॉक्टर से बात करें और सही इलाज करवाएं।

  • 70
लेखक के बारे में

ये हेल्‍थ शॉट्स के विविध लेखकों का समूह हैं, जो आपकी सेहत, सौंदर्य और तंदुरुस्ती के लिए हर बार कुछ खास लेकर आते हैं। ...और पढ़ें

पीरियड ट्रैकर

अपनी माहवारी को ट्रैक करें हेल्थशॉट्स, पीरियड ट्रैकर
के साथ।

ट्रैक करें
अगला लेख