जब आपने पीरियड के बारे में पहली बार सुना होगा, तो आपको यही बताया गया होगा कि पीरियड (Periods) महीने में एक बार आते हैं और 3 से 5 दिन तक चलते हैं। मगर धीरे – धीरे आपको पता चलता है कि हमेशा ऐसा ही हो ये ज़रूरी नहीं है। कभी – कभी पीरियड सिर्फ 3 दिन के लिए आते हैं, तो कभी 5 दिन के लिए। कभी – कभी ये महीने में दो बार भी आ जाते हैं।
हर महिला को अपनी प्रजनन आयु में इस तरह की स्थिति का सामना कई बार करना पड़ता है। और ये बिल्कुल नॉर्मल हैं। कुछ महिलाओं को अपनी प्यूबर्टी की शुरुआत से लेकर बड़ी उम्र तक सप्ताह भर पीरियड्स होते हैं। कई बार ऐसा लगता है कि ज्यादा ब्लीडिंग कहीं कमजोरी का कारण न बन जाए। तो आइए जानते हैं 7 दिनों तक चलने वाले पीरियड्स के बारे में (Period for 7 days)।
क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार आपकी पीरियड साइकल (Period Cycle) आपके मासिक धर्म के पहले दिन से लेकर आपके अगले पीरियड के पहले दिन तक मानी जाती है। औसत पीरियड साइकल लगभग 25-30 दिनों का होता है। मगर यह 21 से 35 दिनों से अधिक लंबा हो सकता है। यह हर महिला में भिन्न होता है। आपके चक्र में दिनों की संख्या भी हर महीने अलग-अलग हो सकती है। साथ ही, 2 से 7 दिनों तक पीरियड चलना नॉर्मल है।
तो चलिये आपकी एक शंका का समाधान हुआ कि 7 दिन तक पीरियड चलना भी नॉर्मल है। इसमें आप अकेली नहीं हैं! मगर अब यह जानना ज़रूरी है कि कब ये 7 दिन तक चलने वाले पीरियड नॉर्मल नहीं हैं।
मदरहुड अस्पताल, इंदिरानगर, बेंगलुरु, सलाहकार – प्रसूति रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ और लेप्रोस्कोपिक सर्जन, डॉ आशा हिरेमथ का कहना है कि ”हर महिला का मासिक धर्म चक्र अलग होता है। 4 से 8 दिनों तक पीरियड नॉर्मल माना जाता है।” यदि आपके पीरियड कभी – कभी लंबे समय तक रहते हैं तो घबराएं नहीं।
7 दिन तक पीरियड चलना नॉर्मल है, लेकिन सिर्फ तब जब आपका पीरियड फ्लो नॉर्मल हो। मतलब पीरियड जब शुरू हों तो पहला – दूसरा दिन हैवी, बाकी दिनों में ये धीरे – धीरे होने लगे। ये है 7 दिनों तक चलने वाला नॉर्मल पीरियड।
मगर यदि आपको 7 दिनों तक 24 घंटे लगातार हैवी फ्लो (Heavy Flow) होता है, और आपको हर 2 – 3 घंटे में पैड बदलना पड़ता है, तो यह नॉर्मल नहीं है। इसके बारे में अपने डॉक्टर से बात करें।
क्या आपको हमेशा से पीरियड 3 दिनों तक तक चले हैं। मगर हाल ही में आपके पीरियड 7 दिनों तक जलने लगे हैं और महिना खत्म होने से पहले ही आ जाते हैं। तो यह भी एक चिंता का विषय हो सकता है।
पीरियड साइकल में परिवर्तन और 7 दिनों तक चलने वाले हैवी पीरियड किसी अंदरूनी समस्या (Internal Problem) का संकेत से सकते हैं। इसलिए अपने डॉक्टर से बात करना ज़रूरी है।
यदि आपके पीरियड हमेशा 7 दिन के लिए आते हैं लेकिन आपको बहुत दर्द होता है। इतना कि आप पूरे दिन कोई काम नहीं कर पाती हैं, तब भी आपको डॉक्टर से मिल लेना चाहिए। क्योंकि हमें ये पता होना चाहिए कि हमेशा पीरियड पेन होना नॉर्मल नहीं है।
यह भी पढ़ें : प्यार के ये 5 हेल्थ बेनिफिट्स आपके लिए बन सकते हैं रोमांस को सेलिब्रेट करने की वजह
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।
सेChat करें