हरी सब्जियां और बच्चों का छत्तीस का आंकड़ा रहता है। ऐसे में उनके पोषण में कोई कमी न रह जाए इसकी चिंता हर मां को सताती है। ज्यादातर लोगों को ऐसा लगता है कि यह खाने में टेस्टी नहीं होती। मगर यह सोच बिल्कुल गलत है! पौष्टिकता से भरपूर हरी सब्जियां अगर सही तरीके से पकाई और परोसी जाएं तो बच्चों को भी ये आकर्षित कर सकती हैं। अगर आपका बच्चा भी खाने में आनकानी करता है, तो यहां जानिए हरी सब्जियों को उनके आहार में शामिल करने का लज़ीज तरीका।
इसलिए आज हम आपके लिए लाए हैं, कुछ टेस्टी तरीके जिनसे आप बच्चों को हरी सब्जियां खिला सकती हैं।
बच्चों को सैंडविच बहुत पसंद होते हैं। इनकी सबसे अच्छी बात यह होती है कि आप इसमें किसी भी तरह की फिलिंग कर सकती हैं। इस तरह बच्चे का मन भी रह जाता और आप उन्हें पौष्टिक भोजन भी खिला सकती हैं।
आप बच्चों के लिए एक अच्छा वेजी सैंडविच तैयार कर सकती हैं। जिसमें पालक, बीन्स, खीरा, लेटिस या एवोकाडो भी शामिल कर सकती हैं। आप पालक के साथ थोड़े से मशरूम को मिक्स कर सकती हैं। इसके बाद एक चीज़ स्लाइस भी रख सकती हैं। यह अपने बच्चों को हरी सब्जियां खिलाने का सबसे अच्छा तरीका है।
भरवां पराठा भी बच्चों को सब्जियां खिलाने का सबसे अच्छा तरीका है। इस तरह आप अपने बच्चों को उनकी पसंदीदा सब्जी के साथ किसी ऐसी सब्जी का पराठा खिला सकती हैं, जो उन्हें पसंद न हो।
सर्दियों के मौसम में आप अपने बच्चे को मेथी, मटर, गोभी, प्याज या मिक्स वेज पराठा बनाकर भी खिला सकती हैं। यह स्वाद में भी अच्छा होता है और सेहत के लिए पौष्टिक भी। आप चाहें तो भरवां पराठे के साथ चटनी बनाकर भी दे सकती हैं।
आजकल बाज़ार में कई तरह के सैंडविच स्प्रेड उपलब्ध हैं, जो बेहद टेस्टी होते हैं। वाकई बच्चे क्या बड़ों का भी दिल इन पर आ जाता है। मगर इनका पोषण मूल्य बहुत कम होता है। साथ ही इनमें आर्टीफीशियल फ्लेवर्स भी होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं।
इनकी जगह आप घर की बनी चटनियां बच्चों को खिला सकती हैं। घर की बनी चटनियां पौष्टिक होने के साथ – साथ टेस्टी भी होती हैं और यह बच्चों को पसंद आएंगी। धनिया और पुदीना की चटनी, नारियल की चटनी, टमाटर, लहसुन, मूंगफली का इस्तेमाल करके भी आप कई तरह की चटनी बना सकती हैं। आप कभी भरवां पराठे तो कभी सैंडविच के साथ यह चटनियां बच्चों को खिला सकती हैं।
बाहर के बर्गर से ज़्यादा टेस्टी घर पर बने बर्गर होते हैं। यह सौ फीसदी सच है। बच्चों को भी यह बेहद पसंद होते हैं। इनकी सबसे अच्छी बात यह है कि आप इसकी टिक्की को कई वेजीस के साथ बना सकती हैं। इसमें शिमला मिर्च, आलू, गाजर, बीन्स के साथ आप एक अच्छी वेज टिक्की बना सकती हैं। घर पर बर्गर बनाते समय स्प्रेड की जगह होम मेड चटनी लगाएं। साथ ही, चीज़ को पनीर से भी रिप्लेस कर सकती हैं।
तो देखा आपने, बच्चों को हेल्दी सब्जियां खिलाना इतना भी मुश्किल नहीं है, जितना अभी तक आपको लग रहा था। आप इन चार तरीकों के अलावा भी कई और तरीके इनोवेट कर सकती हैं। अगर ऐसी कोई रेसिपी अपनाएं तो हमारे साथ भी जरूर शेयर करें। ताकि आपके हेल्दी आइडिया का लाभ और लोग भी ले सकें।
यह भी पढ़ें : Chhath Puja 2021: आपकी सेहत के लिए कमाल कर सकते हैं छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सुपरफूड्स
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।