भारतीय घरों में टोफू का चलन काफी बढ़ गया है। टोफू को सोया पनीर के नाम से भी जाता है। टोफू 100 प्रतिशत शाकाहारी और वीगन फूड है। इसका सेवन वो लोग भी कर सकते हैं, जिन्हें दूध, दही और पनीर जैसी चीजों से एलर्जी होती हैं। सोया मिल्क से बनने के कारण टोफू में कैल्शियम, प्रोटीन, फाइबर और आयरन जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। वैसे तो बाजार में आसानी से टोफू मिल जाता है, लेकिन उनमें मिलावट भी हो सकती है। अगर आप मिलावटी टोफू को खाने से बचना चाहती हैं, तो इसे घर पर ही तैयार कर सकती हैं। तो आइए जानते हैं कि इसे घर पर कैसे तैयार करें।
टोफू जिसको आप सोयाबीन दही या बीन कर्ड के नाम से भी जाना जाता हैं, सोयाबीन के दूध को जमाकर इसे बनाया जाता है। ये पनीर या दही की तरह दिखाई देता है। ये सोयाबीन से बनने वाला एक शाकाहारी खाद्य पदार्थ है। पनीर की तरह दिखने वाला ये टोफू सोयाबीन से बनता है। ये खाने में टेस्टी और प्रोटीन से भरपूर होता है।इसे खाने के कई लाभ होते हैं।
कई लोग नॉनवेज फूड से प्रोटीन हासिल करते हैं, लेकिन जो लोग नॉनवेज नहीं खाते उनके लिए टोफू प्रोटीन का बेहतरीन विकल्प होता है। 150 ग्राम टोफू में लगभग 15 ग्राम प्रोटीन होता है, तो वहीं इसमें 45-50 कैलोरी होती है ये बॉडी की प्रोटीन की जरूरत को पूरा करने में मदद करता है।
ये हड्डियों को हेल्दी और मजबूत बनाने में आपकी मदद कर सकता हैं इसलिए टोफू एक अच्छा विकल्प है। इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है, यही कारण है की ये बच्चों और महिलाओं की हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद होता है। प्रेग्नेंट महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी टोफू शरीर में कैल्शियम की मात्रा को बढ़ाने में मदद कर सकता है।
टोफू में एंटीऑक्सीडेंट होते है जिससे शरीर में होने वाले फ्री रेडिकल्स को नष्ट करने में मदद करते हैं। जिससे चेहरे पर बढ़ती उम्र का असर कम दिखाई देता है। इसके साथ ही ये शरीर में होने वाले ऑस्टियोपोरोसिस, ब्रेस्ट कैंसर जैसे रोगों से भी बचाने में मदद करता है।
टोफू बॉडी में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के साथ-साथ शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को भी कम करने में मदद करता है। इसे आप अपनी डाइट में शामिल करके कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल कर सकती हैं।
बालों की सेहत के लिए भी टोफू बेहद फायदेमंद होता है। ये शरीर में केराटिन प्रोटीन की कमी को पूरा करने में मदद करता है, जिससे बालों का गिरना कम तो होता ही है साथ ही बालों को घना बनाने में भी मदद करता है।
1. 1-2 कप सोयाबीन को धोकर रात भर पानी में भिगो दें।
2. अगले दिन सोयाबीन को धोकर छान लें। इसे ताजे पानी के साथ ब्लेंडर में डाल दें और एक स्मूथ पेस्ट तैयार कर लें।
3. अब एक मलमल के कपड़े का उपयोग करें, इसमें सोयाबीन के मिश्रण को छान लें ताकि सोया दूध को अलग किया जा सके। अगर आप चाहें तो ज्यादा मात्रा में सोया दूध निकालने के लिए प्रक्रिया को पानी के साथ दोहरा सकती हैं।
4. सोया दूध को एक बर्तन में डालें और धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकाएं, इसे बीच-बीच में हिलाते रहें। कच्चे बीन की गंध को दूर करने के लिए ये करना जरूरी है।
5. 15 मिनट के बाद, गर्म दूध में धीरे-धीरे सिरका या नींबू का रस मिलाएं और इसे लगातार मिलाते रहें, जब तक दही जमना शुरू न हो जाए।
6. दही जमने के बाद, मिश्रण को मलमल के कपड़े से छान लें इससे टोफू इकट्ठा हो जाएगा। इसे किसी भारी वस्तु से दबा दें या फिर टोफू मोल्ड का उपयोग करें। टोफू बन कर तैयार है।
यह भी पढ़ें-हेयर ग्रोथ में भी मददगार है माचा टी, जानिए इसके सेवन और बालाें के लिए इस्तेमाल का सही तरीका
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।