अरबी (Taro) दुनिया भर में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों में उपयोग की जाने वाली सब्जी है। इससे आमतौर पर नमकीन व्यंजन बनाया जाता है। इसके पकौड़े भी बहुत स्वादिष्ट और लजीज बनते हैं। लेकिन क्या आपको मालूम है कि दिल के आकार का दिखने वाला अरबी का पत्ता (Taro leaves aka Arbi ke patte) विटामिन सी (Vitamin C) से भरपूर होता है। इसलिए यह एक एंटीऑक्सीडेंट के रुप में काम करता है और इसके कई स्वास्थ लाभ हैं।
अरबी की पत्तियों और जड़ों दोनों में पोषक तत्व होते हैं और इन दोनों को ही विभिन्न प्रकार के व्यंंजनों में इस्तेमाल किया जा सकता है। अरबी की पत्तियां आकार में मध्यम से बड़ी तक होती हैं। जिनकी लंबाई 40 सेंटीमीटर और चौड़ाई 20 सेंटीमीटर तक हो सकती है। पत्तियां चिकनी और सतह पर गहरे हरे रंग की या नीचे की तरफ हल्के हरे रंग की होती हैं। पत्तियों को उबालकर,फ्राई करके, या भाप में पकाकर खाने के लिए प्रयोग किया जा सकता है।
ये पत्ते फाइबर (Fiber) से भरपूर होते हैं। इसलिए यह आपके पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मददगार हो सकते हैं। इनमें मौजूद फाइबर मल बढ़ाता है और आंतों की गतिविधियों को सामान्य बनाता है। इस तरह यह पाचन तंत्र की कुछ समस्याओं जैसे इरिटेबल बोवेल सिंड्रोम (IBS) और कब्ज से बचाता है।
इन पत्तों में कैलोरी बहुत कम होती है, लेकिन इसके सेवन से आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त हो जाते हैं। इसलिए आप इसका सेवन वजन कम करने के लिए कर सकती हैं।
अरबी में एमिनो एसिड और थ्रेओनिन की भरपूर मात्रा पाई जाती है। यह कोलेजन और इलास्टिन बनाने में मदद करता है। ये दोनों आपके स्वस्थ त्वचा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए, नियमित रूप से अरबी और इसके पत्तों का सेवन झुर्रियां पड़ने बचाता है।
अरबी के पत्तों में मौजूद विटामिन ए की भरपूर मात्रा आँखों के साथ – साथ शरीर के अन्य अंगों के लिए बेहद फायदेमंद है। यह आंखों की रोशनी तेज बनाये रखने के साथ-साथ मायोपिया, अंधापन और मोतियाबिंद जैसी आंखों की विभिन्न समस्याओं की रोकथाम में मदद करता है।
ताजे और पके हुए अरबी के पत्तों का सेवन कैंसर के प्रभाव को कम कर सकता है। ऐसा उनमें मौजूद विटामिन सी की अच्छी उपस्थिति के कारण होता है। विटामिन सी एक सुरक्षात्मक और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है जो सामान्य बीमारियों जैसे सर्दी, खांसी और कुछ प्रकार के कैंसरों को रोक सकता है।
अरबी के पत्तों में मौजूद मेथीयोनिन और फाइबर, ट्राइग्लिसराइड को तोड़कर कोलेस्ट्रोल को कम करने में मदद करते हैं। अरबी के पत्ते को धोकर, सुखाकर और पीसकर पाउडर बना लें और रोजाना सुबह या शाम में दूध या पानी में मिलाकर पिएं। इससे कोलेस्ट्रॉल को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है।
इन पत्तियों में सेचुरेटेड फैट की मात्रा बहुत कम होती है। इसलिए इसका सेवन हृदय के लिए फायदेमंद माना जाता है। अरबी में मौजूद फाइबर रक्त वाहिनियों में कोलेस्ट्रॉल और फैट जमा होने से रोकता है।
जबकि इसमें उपस्थित पोटेशियम ब्लड प्रेशर को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है। यह ब्लड में होमोसिस्टिन के स्तर को कम करता है और हृदय की समस्याओं और स्ट्रोक से बचाने में मदद करता है।
गर्भवती महिलाओं को डॉक्टर विटामिन फोलेट के सेवन की सलाह देते हैं। भ्रूण के स्वस्थ विकास के लिए फोलेट एक अनिवार्य विटामिन है। अरबी के पत्तों में यह विटामिन बहुत अधिक मात्रा में पाया जाता है। इसलिए गर्भवती महिलाओं को नियमित रुप से इसका सेवन करना चाहिए।
यह भी पढ़ें – कैंसर और दिल की बीमारियों से बचा सकता है कच्चे पपीते का परांठा, यहां है इसे बनाने की रेसिपी
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।