फ्रूट्स खाना किसे पसंद नहीं होता है, हम सभी को ये बहुत पसंद होते हैं। फल कोई भी हो देसी या विदेसी, इनका रसीला स्वाद आपको रिफ्रेश कर सकता है। मगर पहाड़ी फलों की बात ही कुछ और है, इनका स्वाद अद्भुत होता है और ये औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। आज हम आपको ऐसे ही एक पहाड़ी फल के बारे में बताने जा रहे हैं। जो पहाड़ी फलों का राजा है और स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। जी हां हम बात कर रहे हैं माल्टा की। आइए जानते हैं आपकी सेहत के लिए क्यों खास है माल्टा (Health benefits of Malta)।
उत्तराखंड के पहाड़ों में मिलने वाला माल्टा स्वाद और सेहत का परफेक्ट कॉम्बिनेशन है। माल्टा एक गहरे नारंगी और लाल रंग का फल होता है, जिसकी खेती भारत में उत्तराखंड की पहाड़ियों में की जाती है। यह दिखने में संतरे जैसा होता है, लेकिन उससे कई अधिक स्वादिष्ट और गुणकारी है। ब्रिटिश साम्राज्य के समय में इसे “माल्टीज़ ऑरेंज” के रूप में जाना जाता था। हम में से बहुत से लोग इस लोकप्रिय फल के पोषण मूल्य के बारे में नहीं जानते होंगे।
माल्टा में आमतौर पर केवल 85 कैलोरी होती है और इसमें वसा, कोलेस्ट्रॉल या सोडियम बिल्कुल भी नहीं होता है। यही वजह है कि इसके इतने सारे स्वास्थ्य लाभ हैं। इसमें विटामिन- C, B, कैल्शियम, पोटैशियम, फॉस्फोरस और फैट फ्री कैलोरी होती है।
एनसीबीआई के अनुसार एक माल्ट शरीर की दैनिक आवश्यकता का 70% विटामिन C प्रदान करता है। विटामिन सी शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही शरीर में आयरन को अवशोषित करने में मदद करता है। शरीर को धमनियों में कोलेजन बनाने के लिए भी इस विटामिन की आवश्यकता होती है। यह मांसपेशियों और हड्डियों के लिए भी अच्छा है। एक गिलास माल्टा जूस विटामिन-सी का सबसे कारगर स्रोत माना जाता है।
एक मध्यम आकार के माल्टा में 3 ग्राम आहार फाइबर होता है, जो न केवल कब्ज को रोकने में मदद करता है, बल्कि स्वस्थ आंत्र को बनाए रखने, कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने और रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण है।
यदि आप अपना वज़न कम करने की कोशिश कर रही हैं, तो माल्टा आपके लिए परफेक्ट है। इसमें फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जिसका मतलब है कि यह आपके पाचन तंत्र को साफ और दुरुस्त रखने में मदद कर सकता है। साथ ही, फाइबर आपको लंबे समय तक भरा हुआ महसूस करने में मदद करता है। जिसकी वजह से यह वज़न घटाने में मदद कर सकता है।
कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने से हृदय रोग का खतरा भी कम हो जाता है, जिसमें दिल का दौरा और स्ट्रोक भी शामिल है। माल्टा में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट सूजन को कम करके, लंबे समय तक आपको इन सभी बीमारियों से बचाने में मदगार हैं। शरीर में लंबे समय तक सूजन रहने से कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, गठिया, अवसाद और अल्जाइमर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें : वॉटरमेलन कुल्फी के साथ गर्मियों की परेशानियों को कहें बाय – बाय, नोट कीजिये हेल्दी रेसिपी
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।