अक्सर लोग गाजर को फल समझते हैं, लेकिन गाजर एक कंद अर्थात रूट है। गाजर स्वाद के साथ-साथ पोषण में भी समृद्ध है, इसमें मौजूद गुण आपकी आंखों, त्वचा और बालों सभी के लिए लाभकारी हैं।
फूड एंड न्यूट्रिशन साइन्स 2014 के अध्ययन के अनुसार गाजर में कैरोटेनॉइड, फ्लेवोनोइड्स, पॉलीसैटेलेन, विटामिन और मिनरल्स होते हैं। जिनमें से कई पोषण और स्वास्थ्य लाभों से भरे हैं।
एक अध्ययन के अनुसार 39 फलों और सब्जियों के बीच गाजर को पोषण मूल्य में 10 वें स्थान पर रखा गया है। गाजर फाइबर का अच्छा स्रोत और ट्रेस खनिज ‘मोलिब्डेनम’ (trace mineral) से भरपूर है, जो बहुत कम सब्जियों में पाया जाता है। मोलिब्डेनम वसा और कार्बोहाइड्रेट के चयापचय में सहायता प्रदान करता है और आयरन के अवशोषण के लिए महत्वपूर्ण है। मैग्नीशियम और मैंगनीज का भी अच्छा स्रोत है। गाजर में पोटेशियम भी है जो मांसपेशियों के कामकाज में मदद करते हैं।
गाजर का सेवन आपको ढेरों फायदे दे सकता है। शरीर में पोटेशियम की कमी से आपकी त्वचा ड्राई होने लगती है। गाजर का सेवन आपको पोटेशियम की कमी नहीं होने देता। इसमें फाल्सीरनॉल, एक पॉली-एसिटिलीन एंटीऑक्सिडेंट होता है, जो ट्यूमर में कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने में मदद करता है।
गाजर के प्रमुख लाभों में से एक यह है कि वे एंटी-कार्सिनोजेनिक गुणों से भी भरे हुए हैं, जो कैंसर कोशिकाओं के विकास को रोकने में मदद करते हैं। साथ ही गाजर में विटामिन ए भरपूर मात्रा में होता है जो हमारी आंखों के लिए बहुत फायदेमंद है।
और सबसे अच्छी बात ये है कि इन सभी लाभों को पाने के लिए आपको गाजर का जूस या सलाद ही खाने की जरूरत नहीं है। गाजर की स्वादिष्ट खीर (gajar ki kheer) भी आपको ये सब फायदे दे सकती है।
ये भी पढ़ें- मेटाबोलिज्म बूस्टर पिल्स: कितना असरदार और कितना सुरक्षित है वजन घटाने का ये नया तरीका
दो लोगों के लिए खीर बनाने के लिए आपको एक कप कद्दूकस की हुई गाजर चाहिए। आप इस मात्रा को अपने अनुसार घटा या बढ़ा सकती हैं।
एक कप गाजर
दो चम्मच देसी घी
दो कप दूध
एक से दो चम्मच चीनी
इलाइची पाउडर
काजू, बादाम, किशमिश इत्यादि
गाजर की अपनी मिठास होती है, इसलिए आपको अत्यधिक चीनी की आवश्यकता नहीं होती। ये भी एक कारण है कि क्यों गाजर की खीर आपके लिए फायदेमंद है।
1. गाजर को कद्दूकस कर लें।
2. एक नॉन स्टिक कढ़ाई में घी गरम करें। इसमें अपने पसन्द के ड्राई फ्रूट्स हल्के भून लें।
3. इसी कढ़ाई में कद्दूकस की गई गाजर डालें और लगातार चलाते हुए 4 से 5 मिनट तक पकाएं।
4. अब इसमें दूध डालें और मध्यम आंच पर उबाल लें।
5. एक बार दूध उबलने लगे तो आंच धीमी कर दें और चीनी मिला लें।
6. धीमी आंच पर खीर को 5 से 8 मिनट तक पकने दें। आप को खीर गाढ़ी होती दिखेगी।
7. इसमें इलाइची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स मिलाएं और चलाते हुए तेज आंच पर दो से तीन मिनट पकने दें।
आपकी खीर तैयार है। इसे गर्मागर्म परोसें या ठंडा करके खाएं। दोनों ही तरह से यह लाजवाब लगती है
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।