आलू (Potato) भारत की सबसे लोकप्रिय सब्जियों में से एक है। इसका उपयोग लगभग सभी भारतीय घरों में होता है। आलू की क्रेविंग्स (Potato cravings) सबसे ज्यादा बच्चों में देखने को मिलती है। पर बड़े भी इसे खाने से खुद को रोक नहीं पाते, भले ही ये एक गिल्ट के साथ आता हो। जी हां, आलू को वजन बढ़ने और फैट के साथ जोड़ा जाता है। डायबिटीज जैसी बीमारियों में भी ज्यादातर लोग आपको आलू से बचने की सलाह देते मिल जाएंगे। क्या वाकई आलू हमारी सेहत का दुश्मन है? तो फिर यह हमारी दादी-नानी के ज़माने से हमारे भोजन का मुख्य हिस्सा क्यों रहा है? आइए इस बारे में एक्सपर्ट से सब कुछ जानते हैं।
असल में आलू में अनेक पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके बावजूद ज्यादा आलू खाने से आप बीमार हो सकती हैं। वहीं कई लोग इस बात से अंजान हैं, कि आलू सिर्फ सेहत को नुकसान ही नहीं पहुंचाता, बल्कि यह कुछ फायदे भी देता है।
आपको बता दें कि यह न केवल आपके शरीर, बल्कि आपकी त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद है। यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि आप आलू को किस तरह प्रयोग में ला रही हैं। आमतौर पर आलू का सबसे ज्यादा प्रयोग जंक फूड में किया जाता है, जैसे चिप्स, फ्राइज, बर्गर, इत्यादि। परंतु यह सभी पदार्थ आपकी पेट के समस्याओं का कारण बन सकते हैं। तो चलिए आगे जानते है आलू से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण फैक्ट्स।
द न्यूट्रिशन क्लिनिक, अंधेरी वेस्ट, मुंबई से नूट्रिशनिस्ट मालविका अठावले का कहना है कि आलू सेहत के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ उसे नुकसान भी पहुंचा सकता है। बात अगर आलू के फायदों पर करें, तो आलू में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह पोटेशियम, विटामिन बी 6, विटामिन सी का अच्छा स्रोत होता है।
इसमें मौजूदा एंटीऑक्सीडेंट्स बॉडी से रेडिकल्स को दूर रखने का काम करते हैं। वहीं अगर आलू को छिलके के साथ खाया जाए, तो एंटीऑक्सीडेंट की प्रॉपर्टीज 2 गुना बढ़ जाती हैं। इसमें मौजूद फाइबर शरीर में तभी लगते हैं जब आप आलू का प्रयोग सही तरीके से करेंगी।
आलू भी उन्हीं खाद्य पदार्थों में से एक है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक के फेवरेट है, परंतु इसमें मौजूदा पोषक तत्वों की जानकारी बहुत कम लोगों को होगी।
इसमें ऐसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो आपके रोजाना की ऊर्जा के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसमें पर्याप्त मात्रा में पोटैशियम, विटामिन बी, कॉपर, ट्रिप्टोफैन, मैंगनीज, विटामिन सी और ल्यूटिन जैसे तत्व मौजूद होते हैं।आलू न केवल आपके शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर करता है, बल्कि, ब्लड सर्कुलेशन, पाचन क्रिया, दाग-धब्बे और याददाश्त के लिए भी कारगर माना जाता है।
हालांकि, आलू का अधिक सेवन कई अन्य तरह से आपकी सेहत को नुकसान पहुंचाता है। इसके कारण आप वजन बढ़ने, गैस, और एसिडिटी जैसी समस्याओं से परेशान रह सकती हैं। आपको यह जानकारी होनी चाहिए कि हरे आलू और उसकी पत्तियों का सेवन आपकी सेहत को नुकसान पहुंचाता है।
अन्य खाद्य पदार्थों की तुलना में आलू अधिक तेल सोखता है। आलू से बने लगभग सभी व्यंजन तेल में तले होने के साथ चीज और मक्खन के इस्तेमाल से बनाए जाते हैं। जिसे हम पूरी तरह से पचा नहीं पाते और यह हमारे लिए गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं का कारण बन जाता हैं। आलू में मौजूद स्टार्च हमारे शरीर में शुगर लेवल को बढ़ा सकता है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को इससे बचने की सलाह दी जाती है।
अगर आप अपने पाचन तंत्र और वज़न पर बोझ डाले बिना आलू के लाभ चाहती हैं, तो उसे सादा तरीके से खाएं। आलू को उबालकर सब्जियों में मिला लें, दही के साथ रायते के तौर पर इस्तेमाल करें, वहीं इसे आटे के साथ मिलाकर परांठा भी बना सकती हैं। तले हुए डीप फ्राई आलू की तुलना में उबले हुए आलू का सेवन ज्यादा फायदेमंद होता है।
आलू आपके ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रख सकता है। अपनी डाइट में स्वस्थ तरीके से आलू को लेने की कोशिश करें। हमेशा याद रखें कि फ्रेंच फ्राइज, चिप्स, जैसे जंक फूड में आलू का सेवन आपकी सेहत के लिए नुकसानदेह रहेगा। वहीं यह आपके हृदय और गुर्दो को भी नुकसान पहुंचा सकता है।
आलू में मौजूद फाइबर आपकी पाचन शक्ति को बढ़ाता है। हेल्दी रहने के लिए पाचन क्रिया का स्वस्थ होना जरूरी है।
आलू में मौजूद मैग्नीशियम स्वस्थ और मजबुत हड्डियों के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। आपको बता दें कि यह रीढ़ की हड्डियों और जोड़ो के दर्द से छुटकारा दिलाने में मददगार साबित होंगे।
समय अनुसार नींद न आने की आदत के कारण आप अस्वस्थ रह सकती हैं। ऐसे में आलू का सेवन आपके लिए फायदेमंद रहेगा। आलू में मौजूदा ट्रिप्टोफैन अच्छी नींद के लिए असरदार माने जाते हैं। साथ ही पोटैशियम हमारी मांसपेशियों को आराम देने का काम करता है।
यदि आप त्वचा संबंधी समस्याओं से परेशान रहती हैं, तो आलू इसमें आपकी मदद कर सकता है। यह हमारी त्वचा को हेल्दी रखता है। इसमें मौजूदा कोलेजन हमारी त्वचा को स्वस्थ और दाग-धब्बों को हटाने में मदद करते हैं। वहीं विटामिन सी हमारी त्वचा के लिए प्रोटेक्टिव एंटीऑक्सीडेंट का काम करता है।
यह भी पढ़े : World TB Day 2022 : आपके स्वास्थ्य के लिए जानलेवा साबित हो सकता है ड्रग रेसिस्टेंट टीबी