ये तो आप जानती ही होंगी कि स्वास्थ्य से बड़ा कोई धन नहीं है। और इस धन को सहेज कर रखने के लिए आपको आज से ही प्रयास करना होगा। महिलाओं में मेनोपॉज के बाद बहुत सी स्वास्थ्य सम्बंधी समस्याएं आती हैं। यही कारण है कि आपको अपनी डाइट में अच्छे बदलाव आज ही से करने चाहिए। और महिलाओं में सबसे जरूरी पोषक तत्व होता है आयरन!
आयरन हमारे खून में मौजूद होता है, जो खून को लाल रंग देता है। एक महिला हर महीने पीरियड्स के कारण बहुत सारा ब्लड लॉस करती है। जिसके कारण शरीर में आयरन की कमी होने की संभावना ज्यादा रहती है। रेकमेंडेड डीएट्री इनटेक (RDI) के अनुसार 19 वर्ष से ऊपर के पुरुषों के लिए 8 मिलीग्राम आयरन का सेवन आवश्यक होता है। जबकि महिलाओं के लिए 18 मिलीग्राम अनिवार्य है। ये आवश्यकता लगभग दोगुनी से भी अधिक है। ऐसे में आपके आहार में आयरन अधिक होना ही चाहिए।
असल में हमारा खून पूरे शरीर में ऑक्सीजन की पूर्ति करता है। ऑक्सीजन ले जाने का काम हीमोग्लोबिन करता है। कम हीमोग्लोबिन का अर्थ है शरीर में कम ऑक्सीजन सप्लाई होना। हीमोग्लोबिन बनाने के लिए आयरन की आवश्यकता होती है। यही कारण है कि हीमोग्लोबिन कम होने पर डॉक्टर आयरन से भरपूर आहार लेने की सलाह देते हैं।
हर 100 ग्राम पालक में 4 मिलीग्राम आयरन होता है। ये ब्रोकली, स्ट्राबेरी और तरबूज के मुकाबले कई गुना अधिक है। पालक के ढेरों फायदे हैं, इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, फॉलिक एसिड, कैल्शियम और विटामिन के भरपूर मात्रा में होता है। पालक को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें।
चुकंदर भी उन चुनिंदा सब्जियों में से एक है जो आयरन का भंडार होती हैं। हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए चुकंदर एक बेहतरीन विकल्प है। आयरन के साथ साथ चुकंदर में विटामिन सी भी उच्च मात्रा में होता है। 100 ग्राम चुकंदर में 0.8 मिलीग्राम आयरन होता है।
अनार भी हीमोग्लोबिन को जल्दी बढ़ाने में मददगार होता है। आयरन के साथ साथ अनार में कैल्शियम, प्रोटीन, फाइबर और विटामिन ए होता है। 100 ग्राम अनार में 0.3 मिलीग्राम आयरन होता है।
अगर आप शाकाहारी हैं तो सोयाबीन आपके आहार में जरूर शामिल होना चाहिए। ये ना सिर्फ प्रोटीन का अच्छा स्रोत है बल्कि हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए भी बहुत कारगर है। सोयाबीन में फॉलेट, आयरन और मैग्नीशियम होता है। आयरन कंटेंट की बात करें तो 100 ग्राम सोयाबीन में 15.7 मिलीग्राम आयरन होता है।
अगर आप सी फूड खाना पसन्द करती हैं तो प्रॉन आपकी डाइट का एक बेहतरीन हिस्सा हो सकता है। ये स्वादिष्ट सी फूड आयरन का भी बहुत अच्छा स्रोत है। हर दूसरे या तीसरे दिन प्रॉन का सेवन करना आपकी सेहत के लिए लाभदायक हो सकता है। 100 ग्राम प्रॉन में 3 मिलीग्राम आयरन होता है।
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।