आपने भी कभी गौर किया होगा कि पार्टी-शार्टी के बाद नींद नहीं आती है। हम करवटें बदलते रहते हैं और नींद हमारी आंखों से कोसों दूर भाग जाती है। आप सोचती होंगी कि डांस, म्यूजिक में भाग लेने और दौड़-भाग करते रहने के बावजूद नींद क्यों नहीं आ रही! आप यह जानकर हैरान हो जाएंगी कि पार्टी के दौरान जो आपने छककर खाना खाया है, उसने आपकी नींद चुरा ली है। आप सही समझ रही हैं कि कुछ आहार ऐसे भी होते हैं, जो नींद को बाधित करने का काम करते हैं। यहां हम उन फूड्स (worst foods to eat before bed) के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपकी नींद में खलल डाल सकते हैं।
भारत में भी यह कहावत प्रचलित है कि सोने से पहले हल्का भोजन लेना चाहिए। ऐसे भोजन का सेवन कभी नहीं करना चाहिए जो नींद लाने की बजाय नींद बाधित करते हों। यूरोपियन सोसाइटी ऑफ़ एंडोक्रिनोलोजी की स्टडी भी कहती है कि बहुत अधिक नमक वाला भोजन नींद तोड़ने का काम करते हैं।
वर्ष 2015 में फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी के आहार विशेषज्ञ एम्बर डब्लू किन्से और माइकल जे. ओरम्सबी ने साेने से पहले लिए जाने वाले आहार पर शोध किया। उन्होंने पाया कि सोने से पहले यदि अधिक मात्रा में खा लिया जाता है, तो इससे नींद प्रभावित हो जाती है। साथ ही कई खाद्य पदार्थ ऐसे भी हैं, जिनके सेवन के बाद सोने से नींद बाधित होती है। ये साउंड स्लीप में दिक्कत पैदा करते हैं।
अक्सर हम खाना खाने के बाद चॉकलेट खा लेते हैं। कभी-कभी जरूरी कैलोरी पूरा करने के लिए चॉकलेट या डार्क चॉकलेट खा लेते हैं। डार्क चॉकलेट खाने के पीछे हम सोचते हैं कि रात के खाने का कोरम पूरा हो गया और इससे वेट गेन भी नहीं होगा। पर यहां हम अपना नुकसान कर बैठते हैं।
पोषण विशेषज्ञ मधु राय बताती हैं कि डार्क चॉकलेट खाने से हमारी नींद बाधित हो जाती है।इसके प्रमुख सामग्री कोकोआ में मौजूद कैफीन डिस्कॉमफर्ट बढ़ाता है। हमें बार-बार यूरिन पास की इच्छा होने लगती है।
खट्टे फल में मौजूद विटामिन सी रोग प्रतिरोधक बढाता है। लेकिन इसे दिन में लेना सही रहता है। रात में सोने से पहले संतरा, अंगूर या दूसरे खट्टे फल खाने से एसिडिटी सहित इनडाइजेशन के कई प्रॉब्लम हो सकते हैं। इससे आपकी नींद खुल सकती है।
अक्सर त्योहार या किसी ख़ास आयोजन पर हम खूब तेल मसालेदार भोजन बनाते हैं और फिर रात में इन्हें हम खाते हैं। ऐसे भोजन गरिष्ट होते हैं और देर से पचते हैं। स्पाइसी भोजन से गले में जलन की समस्या होती है, वह अलग है। इससे हमारी नींद सही ढंग से पूरी नहीं हो पाती है। इसलिए हमें सोने से पहले ऐसे भोजन का सेवन नहीं करना चाहिए।
आइसक्रीम एडेड शुगर और सैचुरेटेड फैट से भरपूर होता है। इनके सेवन से डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल लेवल तो हाई होता ही है, नींद भी बाधित होती है। मधु राय कहती हैं कि आइसक्रीम में मौजूद हाई फैट ठीक से सोने नहीं देते हैं।
कभी-कभी हम देर रात तक टीवी पर डे नाईट क्रिकेट मैच देखते हैं या कोई मूवी। इस दौरान हम एक बाउल में तले-भुने चिप्स, फ्रेंच फ्राई, स्नैक्स आदि रख लेते हैं और खूब मन्चिंग करते जाते हैं। हम इसके फेर में डिनर भी मिस कर देते हैं। फिर जब हम बेड पर जाते हैं, तो नींद नहीं आती है। इसमें मौजूद हाई फैट हमारी नींद को खराब कर देते हैं।
दाल मखनी, पनीर टिक्का, मटन दो प्याजा, ये वे फूड्स हैं जो भले ही टेस्टी लगें पर आपकी नींद खराब कर देते हैं। इसलिए जरूरी है कि रात के भोजन में इन्हें खाने से बचें।
यह भी पढ़ें : – लंबे समय तक रहना है जवां और फिट, तो अपनी डेली डाइट से बाहर करें ये 5 तरह के फूड्स
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।