मौसम में आने वाले बदलाव के साथ शरीर में एनर्जी की कमी और आलस्य का सामना करना पड़ता है। दरअसल, अधिकतर लोग दिनभर में कभी प्रोसेस्ड फूड, तो कभी एसिडिक बैवरेजिज़ का सेवन करने लगते हैं, जिससे शरीर में शुगर की मात्रा बढ़ने लगती है और फैट्स के चलते कैलेरी स्टोरेज बढ़ जाता है। इससे आलस्य समेत कई समस्याओं का जोखिम बढ़ जाता है। अगर आप भी दिनभर एक्टिव और हेल्दी बने रहना चाहते हैं, तो व्यायाम के अलावा कुछ आसान टिप्स इसमें आपकी मदद कर सकती हैं। जानते हैं शरीर को संतुलित बनाए रखने (home remedies for health) की कुछ आसान और हेल्दी टिप्स।
लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए हर साल विश्व स्वास्थ्य दिवस (World health day) मनाया जाता है, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना का भी प्रतीक है। 7 अप्रैल 2025 को मनाया जाने वाला विश्व स्वास्थ्य दिवस मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य पर एक साल तक चलने वाले अभियान की शुरुआत करेगा। “स्वस्थ शुरुआत, आशापूर्ण भविष्य” थीम पर मनाए जाने वाले इस खास दिवस का मकसद सुविधाओं की कमी के चलते मातृ एवं नवजात शिशुओं की बढ़ती मृत्यु दर की रोकथाम करना है।
इस बारे में आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ अंकुर तंवर बताते हैं कि तन, मन और आत्मा को संतुलित रखने से शरीर एक्टिव और हेल्दी रहता है। इसके लिए आहार में कुछ खाद्य पदार्थों को शामिल करके समग्र स्वास्थ्य को उचित बनाए रखने में मदद मिलती है। पोषण से भरपूर एलोवेरा जूस, त्रिफला और आंवला बेहद फायदेमंद साबित होता है। इसके अलावा डीप ब्रीदिंग और भरपूर नींद लेने से भी स्वास्थ्य को फायदा मिलता है।
नींबू के साथ गर्म पानी पीना पाचन को बढ़ावा देता है। नींबू से विटामिन सी की प्राप्ति होती है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए आवश्यक है। जर्नल ऑफ मेडिसिनल फूड की रिपोर्ट के अनुसार नींबू का रस कुछ लोगों में पाचन में सुधार लाने में मदद करता है और कब्ज को कम करता है। इससे शरीर में जमा कैलोरीज़ को बर्न करने में मदद मिलती है और शरीर स्वस्थ रहता है। सुबह खाली पेट इसका सेवन शरीर को फायदा पहुंचाता है।
सीमित मात्रा में त्रिफला चूरन का सेवन करने से पाचन संबधी समस्याएं हल हो जाती है और कब्ज व ब्लोटिंग से राहत मिलती है। आमला, बिभीतकी और हरड़ से तैयार इस मिश्रण में कोलेसिस्टॉकिन कंपाउड पाया जाता है, जिससे एपिटाइट को नियंत्रित करके ओवरइटिगं से बचा जा सकता है। साथ ही मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है, जिससे शरीर में जमा अतिरिक्त कैलेरीज़ को बर्न करने में मदद मिलती है। इसे गर्म पानी में मिलाकर पीने से बॉडी डिटॉक्स में भी मदद मिलती है।
एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर एलेवेरा जूस का सेवन करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार आने लगता है। इसमें मौजूद विटामिन और मिनरल की मात्रा निर्जलीकरण से बचाकर वेटलॉस में मददगार साबित होता है। इससे शरीर हाइड्रेट रहता है, जिससे ऑक्सीजन का प्रवाह उचित बना रहता है। वे लोग जो आलस्य और थकान महसूस करते हैं, उनके लिए ये बेहद फायदेमंद साबित होता है।
अदरक से शरीर को एंटीइंफ्लेमेटरी गुणों और एंटीऑक्सीडेंट की प्राप्ति होती है, जो समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मदद करता है। जर्नल ऑफ़ पेन रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार अदरक ऑस्टियोआर्थराइटिस, पीरियड पेन और अन्य स्थितियों से जुड़े दर्द और सूजन को कम करने में मदद मिलती है। इससे मतली और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को निंयत्रित किया जा सकता है। इसे चाय में या पानी उबालकर पीया जा सकता है।
विटामिन ई और ओमेगा 3 फैटी एसिड से भरपूर बादाम, अखरोट, अलसी के बीज, कद्दू के बीज और काजू जैसे खाद्य पदार्थ फायदेमंद साबित होते है। इससे शरीर को हेल्दी फैट्स, प्रोटीन और फाइबर की प्रापित होती हैं। हर दिन मुट्ठी भर मेवे खाने से कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं, जिसमें हृदय रोग का जोखिम कम करना, मस्तिष्क के कार्य में सुधार करना और वजन प्रबंधन में सहायता करना भी शामिल है।
गहरी साँस लेने के व्यायाम तनाव और चिंता को कम करने, फेफड़ों की क्षमता में सुधार करने और विश्राम को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ बिहेवियरल मेडिसिन की रिपोर्ट के अनुसार केवल पाँच मिनट के लिए गहरी साँस लेने के व्यायाम का अभ्यास करने से तनाव के स्तर में कमी आ सकती है और मूड में सुधार हो सकता है। इसके अलावा कार्य पर फोकस करने की क्षमता में भी सुधार आने लगता है।
हल्दी एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटी इंफ्लेमेटरी खाद्य पदार्थ है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने और शरीर में सूजन को कम करने में मदद कर सकती है। यह मस्तिष्क के कार्य को बेहतर बनाने और पाचन में सहायता करने में भी मदद कर सकती है। दूध या आहार में हल्दी मिलाने से शरीर को कई लाभ मिलते हैं।
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।