हमारे पास हैं 5 मंत्र, जो सर्दियां में भी वेट लॉस में आपकी मदद कर सकते हैं
वज़न कम करना आसान नहीं है और यह तब और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है, जब सर्दियां चल रही हों। हम कम सक्रिय हो जाते हैं, कम पानी पीते हैं और सूरज की रोशनी कम होने से हमारे शरीर को विटामिन डी कम मिलता है।
ये सभी कारक मिलकर मेटाबॉलिज्म (Metabolism) को धीमा कर देते हैं, जिससे हमारे शरीर के लिए वजन कम करना और स्वस्थ वजन बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। बहुत से लोगों का वजन सर्दियों के दौरान बढ़ जाता है, जिसे आजकल विंटर वेट (Winter weight) के नाम से जाना जाता है।
ऐसे में आपको बस अपनी इच्छाशक्ति प्रबल रखनी है और अपने वेट लॉस प्लान (Weight Loss Plan) में थोड़े बदलाव करने हैं। आपको बता दें कि अगर आप सही रणनीति बनाएं तो आप सर्दियों में भी तेजी से वजन कम कर सकती हैं।
क्या कहते हैं अध्ययन
जी हां… सेल रिपोर्ट्स मेडिसिन (Cell Reports Medicine) में प्रकाशित नए अध्ययन के अनुसार, ठंडे वातावरण में वर्कआउट करने से शरीर की विभिन्न तापमानों के अनुकूल होने की क्षमता बढ़ सकती है और वसा जलने की क्षमता को बढ़ावा मिल सकता है।
तो, चलिये जानते हैं कि सर्दियों में क्या होनी चाहिए आपकी वेट लॉस रणनीति
1. गुनगुना पानी पिएं
जब स्वस्थ रहने या वजन कम करने की बात आती है, तो पानी अहम भूमिका निभाता है। मगर हम अक्सर इसे नज़रअंदाज़ कर देते हैं और जब सर्दियों का मौसम आता है, तो पानी पीना कम हो जाता है। ऐसे में गुनगुना पानी पीना (Drinking Warm Water) ज़्यादा आसान है। यह शरीर का तापमान भी बनाए रखता है और कैलोरी बर्न करने में भी मदद करता है।
2. इनडोर एक्टिविटी ट्राइ करें
सर्दियां नई इनडोर शारीरिक गतिविधियों (Indoor Activities) को आज़माने का सही समय है। आप अपने घर या अपार्टमेंट में एक हाइ इंटेंसिटी कार्डियो कर सकती हैं। बार – बार सीढ़ियां चढ़ना और उतरना, दौड़ना या वॉक करना आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। ठंड के मौसम में सक्रिय और गर्म रहने के लिए नृत्य और योग कुछ अद्भुत इनडोर एक्टिविटीज हैं।
3. पोर्शन साइज़ नियंत्रित करें
ठंड के मौसम में हम अक्सर कम चलते हैं, शरीर में आलस्य रहता है। इसलिए अपने खाने की आदतों पर ध्यान दें। छोटे – छोटे पोर्शन में खाना खाएं। दिन में कम से कम 5 से 6 मील्स लें। इस तरह से आपका वज़न एक बार में नहीं बढ़ेगा और शरीर को भी धीरे – धीरे वसा जालाने में मदद मिलेगी।
4. प्रोटीन और फाइबर की मात्रा बढ़ाएं
अध्ययनों से पता चला है कि उच्च प्रोटीन आहार खाने से वजन घटाने में मदद मिल सकती है। प्रोटीन मांसपेशियों के निर्माण, चयापचय को बढ़ाने और आपको लंबे समय तक भरा हुआ रखने में भी मदद करते हैं। इसी तरह, फाइबर में उच्च आहार खाने से पाचन में सुधार हो सकता है। यह आपको कम कैलोरी में भी भरा हुआ महसूस करने और लंबे समय तक तृप्त रहने में मदद करेगा।
5. खाने से पहले सूप पिएं और मीठा कम खाएं
यह दो ऐसी चीज़ें हैं जो आपकी विंटर वेट लॉस (Winter Weight Loss) जर्नी में फायदेमंद साबित हो सकती हैं। खाने से पहले सूप पीना कम खाना खाने और जल्दी खाना पचाने का सबसे अच्छा तरीका है। साथ ही, अगर आप मीठा कम खाएं, तो आपको वज़न कम करने में मदद मिल सकती है।
तो लेडीज, घबराएं नहीं। क्योंकि इस बार की सर्दियां वेट गेन वाली सर्दियां नहीं बल्कि वेट लॉस वाली सर्दियां होने वाली हैं।
यह भी पढ़ें : जानिए वजन घटाने के लिए क्यों जरूरी हैं हिप ओपनिंग एक्सरसाइज