Exercise for varicose veins : पैरों में दर्द और खिंचाव महसूस होना हो सकता है वेरीकोज़ वेन्स का संकेत, ये 4 एक्सरसाइज दे सकती हैं राहत
टांगों में मौजूद वॉल्स शरीर में रक्त के संचार को बनाए रखने में मदद करते है। मगर जब वे उनके कार्य में बाधा आने लगती है, तो वेरीकोज़ वेन्स की समस्या का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को दवाओं के अलावा एक्सरसाइज़ के ज़रिए आसानी से ठीक किया जा सकता है।
वैरिकोज वेन्स बढ़ी हुई और मुड़ी हुई नसें होती हैं। यह कमजोर या क्षतिग्रस्त नसों की दीवारों और वाल्व के कारण होती है। चित्र : अडोबी स्टॉक
सर्दी के मौसम में टांगों में दर्द की समस्या बढ़ने लगती है। ठंडी हवाओं के चलते जोड़ों की समस्याओं और वेरीकोज़ वेन्स की समस्या का भी सामना करना पड़ता है। अक्सर लोग तेल मालिश, सिकाई या दवा की मदद लेते है। मगर ठिठुरन भरी ठंड में शरीर के लचीलेपन को बढ़ाने और नसों में रक्त के प्रवाह को नियमित बनाए रखने के लिए व्यायाम बेहद ज़रूरी है। ऐसे में कुछ सामान्य एक्सरसाइज़ को रूटीन में शामिल करके इस समस्या को सुलझाया जा सकता है। जानते हैं वेरीकोज़ वेन्स से राहत पाने के लिए एक्सरसाइज़ (Exercise for varicose veins) ।
वेरीकोज़ वेन्स की समस्या (Varicose veins)
हॉपकिन्स मेडिसिन के अनुसार वेरीकोज़ वेन्स बढ़ी हुई और मुड़ी हुई नसें होती हैं। अधिकतर ये नसें पैरों में उभरने लगती हैं। ये एक मेडिकल कंडीशन है। वेन्स में ब्लड का प्रेशर बढ़ जाने से वेरीकोज़ वेन्स का सामना करना पड़ता है। वेरीकोज़ वेन्स त्वचा की सतह पर दिखने लगती हैं। नसों में मौजूद एकतरफा वाल्व के ज़रिए रक्त हृदय की ओर बढ़ता है। मगर वॉल्व में कमज़ोरी बढ़ने या डैमेज होने से वो खून वेन्स में ही एकत्रित होने लगता है। शरीर में बढ़ने वाले मोटापे के कारण टांगों में प्रेशर बढ़ने लगता है, जो इस समस्या का कारण साबित होता है।
इस बारे में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ गुरशेर सिंह बताते हैं कि जब टांगों में अधिक नसें दिखने लगती हैं, तो उन्हें वेरीकोज़ वेन्स कहा जाता है। दरअसल, टांगों में मौजूद वॉल्स शरीर में रक्त के संचार को बनाए रखने में मदद करते है। मगर जब वे उनके कार्य में बाधा आने लगती है, तो वेरीकोज़ वेन्स की समस्या का सामना करना पड़ता है। वहीं बारिक दिखने वाली वेन्स को स्पाइडर वेन्स कहा जाता है। इस समस्या को दवाओं के अलावा एक्सरसाइज़ के ज़रिए आसानी से ठीक किया जा सकता है (Exercise for varicose veins) ।
टांगों में अधिक नसें दिखने लगती हैं, तो उन्हें वेरीकोज़ वेन्स कहा जाता है। चित्र : शटरस्टॉक
इन एक्सरसाइज़ की मदद से टांगों में बढ़ने वाली वेरीकोज़ वेन्स की समस्या को हल किया जा सकता है (Exercise for varicose veins)
1. बटरफ्लाई स्ट्रेच एक्सरसाइज़
मसल्स में बढ़ने वाले तनाव को दूर करने के लिए बटरफ्लाई स्ट्रेच एक्सरसाइज़ का अभ्यास किया जाता है। इससे पीठ में बढ़ने वाले दर्द को कम करने के अलावा वेरीकोज़ वेन्स की समस्या को भी हल किया जा सकता है। नियमित रूप से इसका अभ्यास करने से शरीर में ब्लड का सर्कुलेशन बढ़ने लगता है।
इसे करने के लिए मैट पर बैठ जाएं और पीठ को सीधा कर लें। अब दोनों टांगों को सामने की ओर लेकर जाएं।
उसके बाद टांगों को घुटनों से मोड़ते हुए इन्नर थाइज़ के साथ लगाएं। इससे घुटनों में बढ़ने वाली ऐंइन से राहत मिलती है।
इसके अलावा मसल्स में खिंचाव आता है और वेन्स में ब्लड का सर्कुलेशन बढ़ने लगता है। शरीर की क्षमता के मुताबिक इसका अभ्यास करे।
मसल्स में बढ़ने वाले तनाव को दूर करने के लिए बटरफ्लाई स्ट्रेच एक्सरसाइज़ का अभ्यास किया जाता है। चित्र : एडोबी स्टॉक
2. स्ट्रेट लेग रेज़ एक्सरसाइज़
टांगों के मसल्स की मज़बूती के लिए उनमें खिंचाव आने से फायदा मिलता है। इससे लोअर बॉडी को मज़बूती मिलती है और पेट की मांसपेशियों में खिंचाव बढ़ने लगता है। रोज़ाना दिन में 1 से 2 मिनट के लिए इस एक्सरसाइज़ का अभ्यास करें।
जानें इसे करने की विधि
इसे करने के लिए हिप्स के नीचे एक तकिया टिका लें। अब कोई बैन्ड लेकर उसे दाएं पैर में अटकाकर उसे अपनी ओर खींचे।
एक्सरसाइज़ के दौरन टांग को एकदम सीधा रखें और बैंड को अपनी ओर खींचने का प्रयास करें। इससे वेन्स में खिंचाव बढ़ता है।
दोनों टांगों से बारी बारी इस एक्सरसाइज़ का अभ्यास करें। इससे शरीर की क्षमता में सुधार होता है और चलना फिरना आसान हो जाता है।
थाइज़ और हिप्स के मसल्स को टोन करने के लिए साइड लाइंग लेग रेज़ फायदेमंद एक्सरसाइज़ है।
3. लेग्स वॉल रेज़
दीवार के सहारे की जाने वाली इस एक्सरसाइज़ का अभ्यास करने से शरीर में ब्लड का सर्कुलेशन बढ़ने लगता है। इसके अलावा क्वाड्रिसेप्स को मजबूत बनाता है। ये एक्सरसाइज़ हैमस्ट्रिंग, ग्लूट्स और पिंडलियों में खिंचाव को बढ़ाता है और टांगों का दर्द कम होने लगता है।
जानें इसे करने की विधि
इसे करने के लिए मैट पर लेट जाएं। अब दोनों टांगो को सीधा करके दीवार के सहारे लगाएं। इस दौरान घुटनों को सीधा करें।
दोनों हाथों को कमर पर टिका लें। उसके बाद पंजों को आगे से पीछे की ओर मोड़ें। इससे पैरों में ब्लड का सर्कुलेशन बढ़ने लगता है।
अब टांगों के दर्द से भी राहत मिलने लगती है। व्यायाम के दौरान दोनों बाजूओं को कोहनी से मोड़ते हुए हथेलियों को पेट पर टिका लें।
टांगों को उपर उठाकर किए जाने वाले इस योगासन से शरीर में ब्लड का सर्कुलेशन बढ़ने लगता है।
4. काफ रेज़ एक्सरसाइज़
इसका अभ्यास करने से टांगों में बढ़ने वाले दर्द से राहत मिलती है। दरअसल, इसका नियमित अभ्यास करने से टांगों में ब्लड का प्रवाह उचित बना रहता है। रोज़ाना 20 बार 2 से 3 सेट्स में करने से शरीर को लचीलापन बना रहता है।
पोल
जानें इसे करने की विधि
इसे करने के लिए दीवार की मदद लें और दोनों हाथों को दीवार पर टिका लें। अब पीठ सीधी कर लें और पंजों को दीवार पर रखें।
अब एड़ियों को उंचा उठाएं और 10 सेकण्ड तक इसी मुद्रा में रहे और फिर पैरों को नीचे लेकर आएं। 10 से 20 बार इस व्यायाम को करें।
इससे शरीर का संतुलन बना रहता है और मसल्स की मज़बूती बढ़ती है।
काफ रेज़ एक्सरसाइज़ से गैस्ट्रोकनेमियस और सोलियस मांसपेशियों की मज़बूती बढ़ने लगती है। चित्र अडोबी स्टॉक
इन बातों को भी रखें ख्याल
रात को सोने से पहले टांगों के नीचे तकिए को टिकाएं। इससे शरीर में ब्लड का सर्कुलेशन बना रहता है।
टांगों की मसाज करें और पैरों के तलवों पर नारियल के तेल में कपूर को मिलाकर घोल तैयार करें और उसे लगाएं।
लगातार हील वाले फुटवेयर पहनने से बचें। इससे पैरों का बैलेंस उचित बना रहता है और वेरिकोज़ वेन्स की समस्या हल होती है।
पैरों में जुराबें पहनकर रखने से भी फायदा मिलता है। इससे पैरों की गर्माहट बनी रहती है और टांगों का दर्द कम होने लगता है।
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।
लंबे समय तक प्रिंट और टीवी के लिए काम कर चुकी ज्योति सोही अब डिजिटल कंटेंट राइटिंग में सक्रिय हैं। ब्यूटी, फूड्स, वेलनेस और रिलेशनशिप उनके पसंदीदा ज़ोनर हैं।