scorecardresearch

अंडर आई स्किन बताती है आपकी उम्र और सेहत का हाल, एक्सपर्ट से जानिए इसकी देखभाल का तरीका

आप रात देर तक जागी हैं या इन दिनों तनाव में हैं, आपकी आंखों के आसपास की त्वचा सब हाल बयां कर देती है। अगर उम्र से पहले बूढ़ी नहीं दिखना चाहतीं, तो एक्सपर्ट के बताए इन उपायों का पालन करें।
Written by: Shahnaz Husain
Published On: 18 Oct 2021, 04:00 pm IST
  • Google News Share
  • Facebook Share
  • X Share
  • WhatsApp Share
under eye care
अंडर आई केयर के लिए क्रीम, जेल या आई मास्क में किसी का भी चुनाव सावधानीपूर्वक करना चाहिए। चित्र:शटरस्टॉक

आंखों के आसपास की त्वचा (Under eye skin) बहुत नाजुक और पतली होती है। यहां की त्वचा को देखकर उम्र बढ़ने का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। आंखों के आसपास सूजन (Puffy eyes) या काले घेरे जैसी समस्याएं बहुत आसानी से हो जाती हैं। यानी कुल मिलाकर हमारी आंखों के आसपास का यह हिस्सा हमारी सेहत का पूरा हाल बता सकता है। इसलिए जरूरी है कि हम आंखों के आसपास की त्वचा का विशेष ख्याल रखें। ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज़ हुसैन बता रहीं हैं आई स्किन की देखभाल (Under eye skin care tips) के आसान उपाय।

डार्क सर्कल और सूजन 

आंखों के आसपास काले घेरे (Dark circle) और सूजन (Puffy eyes) की समस्या सबसे आम समस्याओं में से एक है। पर इसके कई कारण हो सकते हैं। ये वंशानुगत कारकों, नींद की कमी, बीमारी, तनाव और पोषण संबंधी कमियों की ओर भी इशारा करते हैं। इसलिए शरीर के अन्य अंगों की ही तरह हमें आंखों के आसपास के इस नाजुक हिस्से का भी ध्यान रखना होता है।

ये कारक हैं जो आपकी अंडर आई स्किन को प्रभावित करते हैं

हमारी आंखें हमारे शरीर का सबसे नाजुक अंग हैं। आंखों के आसपास की त्वचा भी उतनी ही नाजुक होती है। आपके शरीर के भीतरी परिवर्तनों का सबसे ज्यादा असर यहां दिखाई देता है।इसलिए बाहरी उपचार के साथ-साथ इन पहलुओं को भी ध्यान में रखें।

under eye skin care ke liye kayi cheezo ka dhyan rakhna zaruri hai
अंडर आई स्किन केयर के लिए कई चीजों का ध्यान रखना जरूरी है। चित्र : शटरस्टॉक

1 अच्छी या खराब नींद 

नियमित नींद और आराम बहुत जरूरी है। नींद से हमें दोबारा उर्जा मिलती है। आंखें बंद होने पर प्राकृतिक रूप से नम हो जाती हैं। यह आंखों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। लंबे समय तक कंप्यूटर पर पढ़ने या काम करने वाले लोगों को थोड़ी-थोड़ी देर में कुछ मिनटों के लिए आंखें बंद करके आराम करना चाहिए।

2 आई मेकअप 

रात को मेकअप क्रीम लगाकर सोने से आंखों में सूजन जैसी समस्या हो सकती है। सोने से पहले आंखों से मेकअप और क्रीम हटाना बहुत जरूरी है। आंखों के आसपास की त्वचा धीरे से साफ करनी चाहिए। अपनी अंगुली से क्लींजिंग जेल लगाएं और नम रूई से धीरे से पोंछ लें। केवल एक दिशा में पोंछें।

3 काजल या मस्कारा 

काजल और मस्कारा हटाने के लिए रूई पर क्लींजर लगाएं और अंगुली पर लपेटकर नीचे से पलकों की ओर साफ करें। निचली पलकों से काजल हटाने के लिए क्लींजर लगाकर कॉटन बड का इस्तेमाल करें। आंखों के कोनों को भी कॉटन बड से साफ करें।

4 संतुलित आहार 

पौष्टिक और संतुलित आहार से डार्क सर्कल्स को रोका जा सकता है। ताजे फल, सलाद, दही और दैनिक आहार में अंकुरित अनाज के साथ-साथ असंसाधित अनाज, स्किम्ड दूध, पनीर, दाल और बीन्स शामिल करें। रोजाना व्यायाम, गहरी सांस लेने से ब्लड सर्कुलेशन, ऑक्सीजन और तनाव को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।

यहां हैं आंखों के नीचे की त्वचा की देखभाल (Under-eye skin care) के घरेलू उपाय 

बादाम की मलाई 

डार्क सर्कल्स, रूखेपन और छोटी झुर्रियों के लिए बादाम की मलाई लगाएं और 10 से 15 मिनट के बाद रूई से हटा दें। इसके अलावा रोजाना आंखों के आसपास बादाम का शुद्ध तेल भी लगा सकती हैं।

आल्मंड ऑयल मसाज 

बादाम तेल के साथ अंगुली से आंखों के नीचे एक मिनट तक हल्की मालिश करें। केवल एक दिशा में मालिश करें। 15 मिनट के लिए छोड़ दें और रूई से धीरे से पोंछ लें।

अंडर आई पपाया पैक 

पपीते का गूदा लें, उसमें नींबू का रस और एक चुटकी हल्दी मिलाएं। इससे आंखों के आसपास की त्वचा की हल्की मालिश करें। यह आंखों के आसपास की त्वचा को चमकदार बनाता है।

Puffey eyes se nijat pane ke liye ye home remedies apnayen
सूजी हुई आंखों से निजात पाने में ये होम रेमेडीज आपकी मदद कर सकती हैं। चित्र: शटरस्टॉक

दूध और बादाम का पैक 

बादाम और दूध का पेस्ट बना लें। पेस्ट को आंखों के नीचे लगाएं और 20 मिनट के बाद धो लें ताकि डार्क सर्कल कम हो जाएं और त्वचा मुलायम रहे।

कंट्रास्ट आई वॉश

कंट्रास्ट आई वॉश (Contrast eye wash) से आंखों की थकान और सूजन को दूर किया जा सकता है। इसके लिए पहले आंखों को हल्के गर्म पानी से धो लें और इसके बाद ठंडे पानी से आंखों पर छींटे मारें। इससे आंखों में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और कंजेशन से राहत मिलती है।

टी बैग आई पैड

थकान और सूजन को दूर करने के लिए टी बैग्स को आई पैड के रूप में इस्तेमाल करें। उन्हें गर्म पानी में डुबोएं और ठंडा होने दें। कुछ देर बाद आई पैड के रूप में इस्तेमाल करें।

कच्चे आलू का आई पैड 

कच्चे आलू के बहुत पतले टुकड़े भी आंखों के ऊपर आई पैड की तरह इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इससे आंखों में सूजन नहीं होती और और त्वचा की समस्याओं से बचाव होता है।

यह भी पढ़ें – कोलेजन दे सकता है आपकी स्किन को कुदरती निखार, यहां हैं कोलेजन के 5 प्लांट बेस्ड सोर्स

डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।

  • Google News Share
  • Facebook Share
  • X Share
  • WhatsApp Share
लेखक के बारे में
Shahnaz Husain
Shahnaz Husain

Shahnaz Husain is the founder, chairperson, and managing director of The Shahnaz Husain Group and is considered a pioneer in the realm of herbal beauty in India.

अगला लेख