नहाने के पानी में थोड़ा सा डेटॉल मिलाना मम्मी का कीटाणु दूर रखने का रामबाण उपाय था। लेकिन मम्मी का यह उपाय आपको और कई तरह की समस्याएं दे सकता है- जैसे रूखी त्वचा, स्कैल्प में खुजली इत्यादि। लेकिन परेशान न हों, इन सभी समस्याओं का इलाज है हमारे पास। हम आपके लिए पेश करते हैं वह लिक्विड जिसका वेट लॉस के लिए अक्सर प्रयोग होता देखा होगा आपने। हम बात कर रहे हैं एप्पल साइडर विनेगर यानी सेब के सिरके की, जो आपकी त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद है।
हम जानते हैं कि आप हैरान हैं, लेकिन एप्पल साइडर सिरके के एंटीबैक्टीरियल और एंटी फंगल गुणों के कारण यह त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद है। यह शरीर से सभी तरह की गन्दगी निकालता है, खासकर जब आपको पसीना बहुत ज्यादा आता हो।
तो चलिए हम आपको बताते हैं एप्पल साइडर विनेगर से नहाने के फायदे-
आकाश हेल्थकेयर एंड सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, द्वारका की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ पूजा चोपड़ा के अनुसार पसीने में कोई गन्ध नहीं होती। पसीने से आने वाली बदबू के लिए असल में बैक्टीरिया जिम्मेदार होते हैं।

डॉ चोपड़ा कहती हैं, “एक बाल्टी पानी में एक ढक्कन एप्पल साइडर सिरका मिलाएं और उस पानी से नहाएं। उससे आपको शरीर की दुर्गंध में बहुत कमी नजर आएगी। यही नहीं, आप पानी मिला सिरका रुई की मदद से अपनी बगलों में भी लगा सकती हैं। यह बैक्टीरिया को खत्म कर, बदबू से छुटकारा दिलाएगा।”
अगर आपको लगता है कि डैन्ड्रफ का कारण ड्राई स्किन है, तो आप गलत हो सकती हैं। असल में डैन्ड्रफ ऑयली स्किन में भी होता है। डॉ चोपड़ा के अनुसार, ऑयली स्किन का डैन्ड्रफ ज्यादा खतरनाक है क्योंकि यह स्कैल्प से चिपक जाता है और अन्य इन्फेक्शन का कारण बनता है।
ऐसे में, ऐप्पल साइडर सिरके की एन्टी फंगल प्रोपर्टी आपके काम आती हैं। एप्पल साइडर सिरका स्कैल्प से तेल को निकालता है और इन्फेक्शन भी दूर करता है। यह स्कैल्प में धूल मिट्टी भी चिपकने नहीं देता।

“ऑयली स्कैल्प पर डैन्ड्रफ होना बहुत खराब होता है। यह हर समय खुजली पैदा करता रहता है जिससे कई बार तो रैशेस भी हो जाते हैं। डैन्ड्रफ में बाल काढ़ना तक मुश्किल हो जाता है”,बताती हैं डॉ चोपड़ा।
“बहुत अधिक पसीना आपकी त्वचा में खुजली पैदा कर सकता है। इससे त्वचा में लालामी, रैशेस और एक्ने होने का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में एप्पल साइडर सिरके से नहाने में पसीना और तेल दोनों ही निकल जाते हैं। यह त्वचा की देखभाल का प्राकृतिक और सबसे कारगर तरीका है।”,बताती हैं डॉ चोपड़ा।
डॉ चोपड़ा समझाती हैं,”यह साधारण सी बात है कि जब चेहरे पर कोई गन्दगी नहीं होगी तो वह स्वस्थ होगी और दमकेगी। एप्पल साइडर सिरका एसिडिक होता है जिसके कारण वह त्वचा से डार्क स्पॉट्स इत्यादि भी खत्म कर देता है और चेहरा बेदाग खूबसूरत दिखने लगता है।”

UTI महिलाओं के लिए बहुत गंभीर मगर आम समस्या है। ऐसे में एप्पल साइडर सिरके के एंटीबैक्टीरियल गुण बहुत काम आते हैं। यह वेजाइना के सभी इन्फेक्शन को दूर रखता है। इसके लिए आपको अलग से कुछ करने की जरूरत नही है। बस एप्पल साइडर सिरका मिले हुए पानी से नहाएं।
तो लेडीज, और इंतजार ना करें। एप्पल साइडर विनेगर का स्नान आज से ही शुरू कर दें और इसके फायदे पाएं।
डिस्क्लेमर: हेल्थ शॉट्स पर, हम आपके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए सटीक, भरोसेमंद और प्रामाणिक जानकारी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके बावजूद, वेबसाइट पर प्रस्तुत सामग्री केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है। इसे विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अपनी विशेष स्वास्थ्य स्थिति और चिंताओं के लिए हमेशा एक योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से व्यक्तिगत सलाह लें।